अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय रेलवे ने सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, जम्मू समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रात को गुजरने वाली ट्रेनों को अब सुबह के समय चलाने का नया शेड्यूल बनाया गया है। इसके साथ ही कुछ छोटी दूरी की ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।
पाकिस्तान की ओर से लगातार भारत के शहरों पर हमलों के चलते सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। इस कड़ी में जम्मू और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
रेलवे की ओर से बताया गया कि जिन ट्रेनों को रात में अमृतसर, जम्मू, फिरोजपुर आदि स्थानों पर पहुंचना था, उन्हें अब सुबह पहुंचाया जाएगा। इस फैसले से करीब 15 से अधिक ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। हालांकि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दिन में स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी सीमावर्ती इलाकों जैसे बाड़मेर, जैसलमेर, बालोतरा, जोधपुर से चलने वाली 12 से अधिक ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है, जबकि कुछ को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। इनमें साबरमती-जोधपुर, बाड़मेर-जोधपुर, जोधपुर-हड़पसर, जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस जैसी ट्रेनों का नाम शामिल है।
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों में ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष ट्रेनों के माध्यम से जरूरतमंदों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। हाल ही में जम्मू, उधमपुर और फिरोजपुर से छह-छह ट्रेनें चलाई गई हैं।
दिलीप कुमार ने बताया, “रात में ब्लैकआउट घोषित किए गए शहरों में ट्रेनों का परिचालन रोका जाता है। जैसे ही बिजली समस्या दूर होती है, ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू कर दिया जाता है।”
यह फैसले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए गए हैं ताकि कोई अप्रत्याशित हालात न बनें और यात्राएं सुरक्षित रूप से हो सकें।

