अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को पूरा रामगढ़ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांवों तक तिरंगा शान से लहराया। सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, प्रखंड कार्यालयों और औद्योगिक संस्थानों में ध्वजारोहण हुआ। स्कूलों के बच्चों ने बैंड प्रस्तुति दी तो युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का माहौल बना दिया। जगह-जगह भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे।
जिला मुख्यालय स्थित सिदो-कान्हू मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और मैदान में मौजूद लोगों ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन किया।

मंत्री ने कहा- आजादी के लिए बलिदान देने वालों को हमेशा याद रखें
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि 15 अगस्त देश के इतिहास का स्वर्णिम दिन है। इसी दिन 1947 में भारत सदियों की गुलामी से आजाद हुआ था। उन्होंने देश और झारखंड के उन सभी अमर वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, जिनके त्याग और बलिदान से आज देश आजाद है।
उन्होंने कहा कि देश विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और झारखंड भी प्रगति के रास्ते पर है। रामगढ़ में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के सहयोग से कई विकास योजनाएं चल रही हैं। सरकार का प्रयास है कि इन योजनाओं का फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मनरेगा में रामगढ़ जिला राज्य में अव्वल
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले की विकास उपलब्धियों को भी सामने रखा गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन के लिए रामगढ़ को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया है।
जिले को 25,33,556 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य मिला था, जबकि 26,73,652 मानव दिवस का सृजन किया गया। यह लक्ष्य का 106 प्रतिशत है। इसमें महिलाओं की भागीदारी 54 प्रतिशत रही। बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत जिले में 2,381 कूपों का निर्माण कराया गया।
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 1,062 एकड़ में आम बागवानी की योजनाएं संचालित की गईं। जिले में तैयार आम का करीब 6 टन हिस्सा लंदन और दुबई तक भेजा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के साथ अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को आवास देने का काम जारी है।

94 हजार से ज्यादा परिवारों को सखी मंडलों से जोड़ा
महिलाओं को रोजगार और आजीविका से जोड़ने के लिए पलाश के माध्यम से जिले के 329 गांवों में 94,215 परिवारों को संगठित किया गया है। इनके लिए 8,625 सखी मंडलों का गठन किया गया। सखी मंडलों को चक्रीय निधि और सामुदायिक निवेश निधि से सहायता दी गई है।
बैंक लिंकेज के जरिए करीब 2,600 करोड़ रुपये के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को वैकल्पिक रोजगार शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण भी दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ई-संजीवनी, UDID कार्ड, मातृत्व सेवाएं, मोतियाबिंद ऑपरेशन और टीबी मरीजों के मुफ्त इलाज के साथ पोषण सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
DMFT के तहत इस वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता दी गई है। सदर अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को बेहतर बनाने का काम चल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में जिले के 606 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले 72,087 बच्चों को मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। स्कूलों में ICT लैब और डिजिटल सुविधाएं भी संचालित की जा रही हैं।
रामगढ़ कैंट के बालिका मध्य विद्यालय की कक्षा 3 के छात्र लक्ष्य कुमार वर्णवाल ने National Level FLN Championship 2026 में अंग्रेजी विषय में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया। समारोह में उनकी उपलब्धि को भी याद किया गया।
मंईयां सम्मान योजना के 1.27 लाख लाभुकों को भुगतान
सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी जिले में कई योजनाएं चल रही हैं। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 1,27,970 लाभुकों को 2,500 रुपये की दर से भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री दिव्यांग कल्याण योजना के जरिए पात्र लोगों को सहायता दी जा रही है।
खाद्य सुरक्षा के तहत जिले के अलग-अलग प्रखंडों में दाल-भात केंद्र संचालित हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के जरिए बड़ी संख्या में परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

मछली उत्पादन 10,500 टन, अगले साल का लक्ष्य 12 हजार टन
मत्स्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025-26 में रामगढ़ जिले में 10,500 टन मछली का उत्पादन हुआ। वर्ष 2026-27 के लिए 12,000 टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। DMFT के तहत मत्स्य पालकों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए केज बैटरी की स्थापना भी की गई है।
श्रम विभाग की ओर से ई-श्रम पोर्टल पर 2,77,157 मजदूरों का पंजीकरण कराया गया है। पशुधन विकास, श्रमिक कल्याण, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, आपदा प्रबंधन और वनाधिकार के क्षेत्र में भी लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
पर्यटन को बढ़ावा, पतरातू डैम के पास म्यूजिकल फाउंटेन तैयार
रामगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने पर भी प्रशासन का जोर है। पतरातू डैम के छठ घाट के पास म्यूजिकल फाउंटेन का काम पूरा हो चुका है। इसका उद्घाटन 16 जुलाई 2026 को किया गया।
महामाया मंदिर माया टुंगरी, मां पंचवाहिनी मंदिर, शिव मंदिर कैथा और टूटी झरना जैसे पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजनाएं चल रही हैं। पतरातू प्रखंड के पलानी वाटर फॉल को ट्रैकिंग रूट के रूप में अधिसूचित किया गया है। रामगढ़ में खेल छात्रावास और जिला स्तरीय कला केंद्र के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है।
DMFT से 102.5 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी
जिले में सड़क और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना समेत कई योजनाओं पर काम चल रहा है। प्रखंड सह अंचल कार्यालयों और अन्य सरकारी भवनों के निर्माण का काम भी जारी है।
इस वित्तीय वर्ष में DMFT के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए करीब 102.5 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं से स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन स्थलों पर भी लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है।
पंचायत पुरस्कार में भी रामगढ़ को पहला स्थान
मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत रामगढ़ जिले को उत्कृष्ट जिला के रूप में प्रथम पुरस्कार मिला है। गोला प्रखंड को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में स्वच्छ एवं स्वस्थ प्रखंड और दुलमी को उत्कृष्ट प्रखंड के रूप में राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
टीबी मुक्त अभियान के तहत Food Basket Distribution में भी रामगढ़ ने झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। प्रशासन ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक समय पर खाद्य सामग्री पहुंचाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से यह सफलता मिली है।
स्वतंत्रता सेनानी की आश्रिता को शॉल देकर किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानी कृष्णा राम की आश्रिता को शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रामगढ़ विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रामगढ़ की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति के बाद छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय गान प्रस्तुत करने वाली राधा गोविंद पब्लिक स्कूल रामगढ़ की छात्राओं को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कमल किशोर बगड़िया और शिक्षक दिलीप शाह ने किया। दोनों को भी कार्यक्रम के दौरान मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
अलग राज्य आंदोलनकारियों और बेहतर काम करने वालों को सम्मान
झारखंड अलग राज्य के गठन के आंदोलन में शामिल चिन्हित आंदोलनकारियों को समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अलग-अलग विभागों में बेहतर काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में अनुसेवक शंकर कुमार दास, ग्रामीण पुलिस चौकीदार नीतू कुमारी, जिला परिषद के परियोजना पदाधिकारी फणींद्र कुमार गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर हरिहर साव, पुलिस निरीक्षक गोला पंकज कुमार, बरलंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, कुजू के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार, यातायात थाना के आरक्षी प्रताप कुमार सिंह, आईटी मैनेजर वेदांत कुमार और मांडू की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिस सना शामिल रहे।
सहिया साथी रीना देवी, एएनएम मगनपुर सुधा कुमारी, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मानव के सहायक शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, कुजू की महिला सहायक शिक्षक मनीषा धवन, सफाई मित्र रीता देवी, सहायिका गीता देवी, गोला की सेविका अनीता देवी, सहायक अभियंता शुभम सचान, कुजू मत्स्य जीवी के अध्यक्ष शशिकांत महतो, चितरपुर मत्स्य जीवी सहयोग के सचिव किशोरी केवट, अनुसेवक करण कुमार, दुलमी के प्रगतिशील किसान गणेश महतो, पतरातू की प्रगतिशील किसान सरिता देवी, FTC महेंद्र कुमार कश्यप, कंप्यूटर ऑपरेटर नयन गोस्वामी, आंगनबाड़ी सेविका आरती रजक, जनसेवक चित्रा सिंह मुंडा, पंचायत सचिव राजेश भास्कर और ग्राम रोजगार सेवक सतीश कुमार को भी सम्मानित किया गया।

थानों और औद्योगिक संस्थानों में भी फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले के सरकारी कार्यालयों और पुलिस संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। उपायुक्त कार्यालय में डीसी ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने तिरंगा फहराया। DTO कार्यालय में डीटीओ राजेश एक्का, सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. अनिल और जिला खनन कार्यालय में निशांत अभिषेक ने ध्वजारोहण किया।
कुजू में आशुतोष कुमार सिंह, रजरप्पा में कृष्ण कुमार, गोला में अभिषेक कुमार, घाटो ओपी में दीपक सिंह, पतरातू में शिवलाल कुमार गुप्ता, बासल में कैलाश कुमार, भुरकुंडा ओपी में उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी में अख्तर अली और बरकाकाना ओपी में उमाशंकर वर्मा ने तिरंगा फहराया।
रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी कार्यालय, रामगढ़, दुलमी, चितरपुर, गोला, पतरातू और मांडू प्रखंड कार्यालयों में भी ध्वजारोहण हुआ। जिंदल स्टील एंड पावर बलकुदरा, PVUNL पतरातू, SDPO कार्यालय पतरातू और CCL के रजरप्पा, बरका-सयाल तथा कुजू एरिया कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
तिरंगा यात्रा में युवाओं ने दिखाया जोश
ध्वजारोहण के बाद कई जगह मिठाइयां बांटी गईं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राएं यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।
रामगढ़ में स्वतंत्रता दिवस का जश्न सिर्फ सरकारी समारोह तक सीमित नहीं रहा। एक तरफ मंच से जिले की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई, तो दूसरी तरफ बच्चों की बैंड प्रस्तुति और युवाओं की तिरंगा यात्रा ने माहौल में उत्साह भर दिया। स्वतंत्रता सेनानी की आश्रिता और अलग राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान कर उनके संघर्ष को याद किया गया।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत ने फहराया तिरंगा, बोले- युवाओं का दोषी कितना भी बड़ा हो, बख्शेंगे नहीं













