अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां संस्थान के हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृत छात्र की पहचान आदित्य के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला था। इस घटना के बाद पूरे कैंपस में सनसनी फैल गई है और भारी तनाव का माहौल बन गया है।
रात 11:30 बजे तोड़ा दरवाजा, बेसुध मिला छात्र
रविवार देर रात तक जब आदित्य के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास रहने वाले दोस्तों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। दोस्तों ने काफी देर तक आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद छात्रों ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर जाते ही सबके होश उड़ गए, आदित्य कमरे में अचेत पड़ा हुआ था। आनन-फानन में दोस्त उसे उठाकर पास के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एंबुलेंस में ऑक्सीजन न होने का आरोप, कैंपस में फूटा गुस्सा
आदित्य की मौत की खबर मिलते ही हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों का गुस्सा मैनेजमेंट और कैंपस में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी को लेकर फूट पड़ा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि आदित्य ने आत्महत्या की कोशिश की थी। अगर कैंपस में वक्त पर सही एंबुलेंस मिल जाती और उसमें ऑक्सीजन की व्यवस्था होती, तो शायद उसके सांसें नहीं थमतीं और उसकी जान बचाई जा सकती थी। हॉस्टल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।
परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के परिजनों को पूर्णिया में सूचना दे दी गई है। रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पुलिस आदित्य के रूममेट्स और हॉस्टल के बाकी लड़कों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि उसने यह खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया। हॉस्टल परिसर में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।
इसे भी पढ़ें : सिंघानिया मोटर्स में नई Skoda Slavia से उठा पर्दा, AI असिस्टेंट और मसाज सीट से लैस कार


