अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के रातू थाना इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करम पूजा का उत्सव मनाकर घर लौट रही 19 साल की एक युवती को कुछ अज्ञात युवकों ने घेर लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। दरिंदों ने न केवल युवती की अस्मत लूटी, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा भी। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए। चेहरे और शरीर पर गहरी चोटों के साथ बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद शुक्रवार को परिजनों ने रातू थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
सुनसान जगह ले जाकर की दरिंदगी
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 22 सितंबर की रात की है। वह करम पूजा समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रही थी। रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपी उसे खींचते हुए एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जब युवती ने चीखने-चिल्लाने और खुद को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके चेहरे और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। मारपीट से वह लहूलुहान हो गई। जाते-जाते आरोपी उसका मोबाइल फोन भी छीन ले गए ताकि वह किसी को फोन न कर सके।
सदर अस्पताल में कराया गया मेडिकल
मामले की गंभीरता को देखते हुए रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और पीड़िता की निशानदेही पर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। वहीं, केस के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर विनीत राय ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। रातू थाना क्षेत्र और घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही छीने गए मोबाइल की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : रजरप्पा से लौट रही कार हादसे का शिकार, पटना के एक युवक की मौत, तीन गंभीर



