अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के तमाड़ थाना इलाके के रांगामाटी में रविवार रात एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सरकारी शराब दुकान के पास सड़क किनारे शराब पी रहे युवकों और कार सवारों के बीच गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर लफड़ा हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि कार सवार युवकों ने 25 साल के कांग्रेस महतो पर छुरा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए नामजद छह में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
हॉर्न बजाने पर हुआ लफड़ा, फिर घोंप दिया छुरा
रूरल एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने राज उगला कि घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। मृतक कांग्रेस महतो अपने तीन साथियों के साथ शराब दुकान के पास सड़क पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान आरोपी अपनी कार से वहां से गुजर रहे थे। सड़क खाली करवाने के लिए कार का हॉर्न बजाया गया, लेकिन सड़क पर बैठे युवकों ने हटने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। यह मामला शांत होने के बजाय कुछ ही देर में और बिगड़ गया और आरोपियों ने कांग्रेस महतो पर छुरा से जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने फौरन घटना की सूचना तमाड़ थाना पुलिस को दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ कांग्रेस महतो को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन बेतहाशा खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक गोमियाकोचा गांव का रहने वाला था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज, चार दबोचे गए
पति की मौत के बाद पत्नी पूजा कुमारी ने तमाड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रूरल एसपी गौरव गोस्वामी की देखरेख में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बिट्टू गुप्ता, टिंकु दास, गुरूपदो मुण्डा और निखिल भूमिज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी राहुल मछुवा और मानिक मछुवा फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
इसे भी पढ़ें : ‘डरना मत, हम दिलाएंगे इंसाफ’, दरिंदगी की शिकार बिटिया को मिला कानून का सहारा


