अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 परिसर में आज सुबह का माहौल कुछ अलग ही था। हर तरफ थोडा सन्नाटा, थोड़ी गंभीरता और आंखों में गर्व की चमक। “पुलिस संस्मरण दिवस परेड” का आयोजन था, जिसमें देश और राज्य के शहीद पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। परेड मैदान में झारखंड पुलिस के जवान और अधिकारी एकजुट होकर खड़े थे। हर चेहरा गंभीर, हर कदम निश्चय से भरा। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान वहां खड़े उन परिवारों पर था, जिनके सदस्य कर्तव्य का पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। आज के दिन उनकी आंखों में अपने प्रिय की याद और साहस की एक अनकही कहानी थी।
इस अवसर पर झारखंड के आरक्षी 361 सुनिल धान को विशेष रूप से याद किया गया। छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी गांव में 12 अप्रैल 2025 को विशेष छापामारी अभियान के दौरान IED ब्लास्ट में घायल हुए सुनिल धान ने वीरगति प्राप्त की। उनका नाम सुनते ही वहां मौजूद जवानों की आंखों में गर्व और परिवार वालों की आंखें नम हो आई।

इस वर्ष (01.09.2024 से 31.08.2025) देशभर में कुल 191 पुलिसकर्मी और जवान शहीद हुए। इनमें विभिन्न राज्यों और केंद्रीय बलों के शहीद शामिल हैं। कुछ के परिवार दूर, कुछ पास, लेकिन आज सबका दर्द और गौरव एक साथ महसूस किया गया।
परेड के दौरान शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। DGP अनुराग गुप्ता और रांची एसएसपी राकेश रंडन से लेकर कई आला अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। झारखंड पुलिस के अधिकारी और जवानों ने सभी शहीदों के परिवारों से वादा किया कि उनकी सुरक्षा और उनके परिवार के प्रति हमेशा खड़े रहेंगे। यह वादा सिर्फ़ शब्द नहीं, बल्कि एक जीवनभर का संकल्प था।

शहीदों की संख्या राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और बलों के अनुसार:
| क्रमांक | राज्य / केंद्र शासित प्रदेश / बल | शहीदों की संख्या |
|---|---|---|
| 1 | आन्ध्र प्रदेश | 05 |
| 2 | अरुणाचल प्रदेश | 01 |
| 3 | असम | 02 |
| 4 | बिहार | 08 |
| 5 | छत्तीसगढ़ | 16 |
| 6 | गुजरात | 03 |
| 7 | झारखण्ड | 01 |
| 8 | कर्नाटक | 08 |
| 9 | केरल | 01 |
| 10 | मध्य प्रदेश | 11 |
| 11 | महाराष्ट्र | 01 |
| 12 | मणिपुर | 03 |
| 13 | नागालैण्ड | 01 |
| 14 | ओडिसा | 02 |
| 15 | पंजाब | 03 |
| 16 | राजस्थान | 07 |
| 17 | तमिलनाडु | 06 |
| 18 | तेलंगाना | 05 |
| 19 | त्रिपुरा | 02 |
| 20 | उत्तर प्रदेश | 03 |
| 21 | उत्तराखण्ड | 04 |
| 22 | पश्चिम बंगाल | 12 |
| 23 | चंडीगढ़ | 02 |
| 24 | दिल्ली | 08 |
| 25 | जम्मू-कश्मीर | 14 |
| 26 | लद्दाख | 01 |
| 27 | असम राइफल्स | 02 |
| 28 | BSF | 23 |
| 29 | CISF | 06 |
| 30 | CRPF | 09 |
| 31 | ITBP | 05 |
| 32 | SSB | 06 |
| 33 | NDRF | 01 |
| 34 | RPF | 09 |
| कुल योग | 191 |
इसे भी पढ़ें : खू’न से सनी दीपावली की रात, राजधानी के इस इलाके में म’र्डर

