अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मिरचैया जंगल से जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोलियां बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई छिपादोहर थाना कांड संख्या 11/26 के तहत की गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों मृत्युंजय भुईयां और बब्लु राम को पहले गिरफ्तार किया था। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 5 दिनों के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि हथियार जंगल में अलग अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए हैं।
जंगल में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गारू थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने बताया कि हथियार जमीन के अंदर करीब डेढ़ फीट नीचे दबाकर रखे गए थे। काफी सावधानी से छिपाए गए इन हथियारों को पुलिस ने मौके से बरामद किया।
मृत्युंजय भुईयां के बताए स्थान से मिला इंसास राइफल
पहले आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक इंसास राइफल, 5.56 बोर के 70 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन और एक पाउच बरामद किया।
बब्लु राम की निशानदेही पर मिला दूसरा जखीरा
दूसरे आरोपी की जानकारी पर पुलिस ने अलग स्थान से एक सेमी राइफल, .30-06 बोर के 77 जिंदा कारतूस, एक 30 कार्बाइन राइफल, 23 जिंदा कारतूस और दो पाउच बरामद किए।
किसी बड़ी साजिश की आशंका
पुलिस का कहना है कि जिस तरह से हथियार जमीन में छिपाकर रखे गए थे, उससे किसी बड़ी आपराधिक या उग्रवादी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी शामिल रहे
इस कार्रवाई में छिपादोहर थानेदार मो. याकिन अंसारी और गारू थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाना था।
इसे भी पढ़ें : ऑफर लेटर से 45 सपनों को उड़ान, अदाणी फाउंडेशन ने बदली तकदीर

