अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से जुड़े शिवनारायणपुर जंगल में हुए सिक्योरिटी गार्ड संदीप महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गम्हरिया निवासी सुखलाल महतो का बेटा संदीप महतो 24 दिसंबर को रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
जंगल से बरामद हुआ शव
अगले दिन 25 दिसंबर 2025 को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर जंगल में झाड़ियों के बीच एक शव बरामद किया गया। जांच के बाद शव की पहचान संदीप महतो के रूप में हुई। पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में छुपाया गया था। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसआईटी ने संभाली जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। बुधवार को प्रेस वार्ता में समीर कुमार सवैया ने पूरे मामले का खुलासा किया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार छापेमारी की।
अवैध संबंध के शक में रची गई साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने शिवनारायणपुर निवासी विकास चंद्र महतो, गोरांगो कालिंदी और गम्हरिया निवासी संदीप प्रमाणिक उर्फ फटिक को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपित विकास चंद्र महतो को संदीप महतो पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी संदेह और आपसी रंजिश के कारण उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपितों ने शव को जंगल में छुपा दिया और मृतक के कुछ दस्तावेजों को जला दिया ताकि पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस की सघन जांच के कारण वे बच नहीं सके।
हथियार, गाड़ी और दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, गैंता और कुदाल बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया सीएनजी ऑटो, मृतक की मोटरसाइकिल, अधजला आधार कार्ड, पासबुक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इन साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड पूरी तरह सुलझा लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : मूत्रालय में आलू-प्याज… SDM के पहुंचे ही परत दर परत खुलने लगी सच्चाई



