अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : नगर परिषद चुनाव का नतीजा शुक्रवार को घोषित हुआ और इस बार जनता ने साफ संदेश दे दिया। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार शबरी पाल ने 2353 वोटों के बड़े अंतर से शेख सलीना सुलताना को हरा दिया। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के साथ ही मुकाबला दिलचस्प हो गया था, लेकिन पहले राउंड से ही शबरी पाल बढ़त बनाती दिखीं और आखिर तक उसे कायम रखा। शबरी पाल बक्सा छाप पर चुनाव मैदान में थीं, जबकि शेख सलीना सुलताना ईंट छाप से लड़ रही थीं। कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन नौ प्रत्याशी पीछे रह गए और कुर्सी शबरी पाल के नाम हो गई।
पहले टेबल से मिली बढ़त, आखिर तक बरकरार
मतगणना के लिए 42 टेबल बनाए गए थे। प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद थी। उपायुक्त मनीष कुमार, एसपी निधि द्विवेदी और चुनाव पर्यवेक्षक रणजीत लोहरा खुद व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। पहले टेबल की गिनती से ही शबरी पाल को बढ़त मिलने लगी। हर राउंड के बाद उनकी लीड बढ़ती गई। समर्थकों के चेहरे पर धीरे-धीरे भरोसा दिखने लगा। आखिरी राउंड तक आते-आते साफ हो गया कि अब मुकाबला उनके हाथ से निकलने वाला नहीं है। अंत में उन्होंने 2353 वोट से जीत दर्ज की।

निर्दलीय के आगे पार्टी उम्मीदवार बेअसर
इस चुनाव में एक खास बात यह रही कि अधिकतर प्रत्याशी किसी न किसी पार्टी के समर्थन से मैदान में थे। भाजपा ने पूर्व अध्यक्ष सम्पा साहा पर दांव लगाया था। उनके समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी प्रचार के लिए आए थे। कांग्रेस ने मोनिता कुमारी को उम्मीदवार बनाया था, जबकि झामुमो ने शेख सलीना सुलताना पर भरोसा जताया था। लेकिन इन सबके बीच शबरी पाल ने बिना किसी बड़े दल के सहारे चुनाव लड़ा और जनता के सीधे समर्थन से जीत हासिल कर ली।
21 वार्ड का भी नतीजा जारी
अध्यक्ष पद के साथ-साथ नगर परिषद के 21 वार्डों के नतीजे भी जारी कर दिए गए हैं। कई वार्डों में करीबी मुकाबला देखने को मिला। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अध्यक्ष पद की जीत को लेकर रही।
जनता ने दिया साफ संदेश
इस चुनाव का नतीजा बताता है कि स्थानीय स्तर पर जनता उम्मीदवार की पहचान और काम को ज्यादा महत्व दे रही है। बड़े नाम और पार्टी का झंडा इस बार निर्णायक नहीं रहा। शबरी पाल की जीत को इसी नजर से देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ नगर परिषद चुनाव : सभी 21 वार्डों के नतीजे घोषित… देखें पूरी लिस्ट

