अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्दी ने अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गढ़वा, पलामू, लोहरदगा और रांची जैसे जिलों में पिछले 24 घंटों से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। दोपहर में धूप निकलने पर लोग बाहर तो निकलते हैं, लेकिन तेज़ सनसनाती हवाओं के कारण जल्दी ही घर लौटने पर मजबूर हो जाते हैं। इस मौसम में बुजुर्गों और बच्चों को सर्दी, खांसी और सिरदर्द जैसी समस्याएं ज्यादा सता रही हैं। रांची मौसम केंद्र ने कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी और रांची जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो और दो डिग्री तक गिर सकता है। वहीं देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जैसे जिलों में पारा 8-9 डिग्री के आसपास रहेगा।
झारखंड के प्रमुख शहरों में तापमान के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां AQI 173 रहा। जमशेदपुर में तापमान 26/11 डिग्री के साथ AQI 196, धनबाद में 25/10 डिग्री के साथ AQI 244, बोकारो में 24/9 डिग्री के साथ AQI 190 और पलामू में 25/8 डिग्री सेल्सियस के साथ AQI 180 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी गुरुवार को भी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रहेगी, जबकि बाद में आसमान साफ हो जाएगा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को ज्यादा ठंड महसूस होगी, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों में चाईबासा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जहां दोपहर में गर्मी का अहसास हुआ। लेकिन सबसे कम तापमान रांची में 5.3 डिग्री रहा, जो शिमला जैसी ठंड का एहसास करा रहा है। राज्य में ठंड का यह दौर जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : आईपीएल 2026: नीलामी खत्म, सभी टीमों के स्क्वॉड तय

