अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के अमरापाड़ा थाना क्षेत्र से अचानक गायब हुई दो नाबालिग छात्राओं का पता चला गया है। दोनों छात्राओं को आंध्रप्रदेश के नेल्लौर जिले से सही सलामत बरामद कर लिया गया है। वहीं, एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यहां याद दिला दें कि बीते 27 जनवरी को घर से स्कूल के लिए निकली दसवीं क्लास की दो छात्राएं अचानक लापता हो गयी थी। घरवालों ने हर संभावित ठिकाने पर दोनों को खोजा। जब बच्चियों का कुछ पता नहीं चल पाया तो अमरापाड़ा थाना27 जनवरी को ही प्रथामिकी दर्ज कराई। आज यानी 29 जनवरी को दोपहर तक बच्चियों को पता नहीं चल पाया था। इस दौरान उनके घरवालों और गांववालों का गुस्सा उबाल पर आ गया। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही थी। गुस्साए लोग आज सड़क पर उतर आये थे और बच्चियों को सही सलामत खोजने की मांग कर रहे थे। तब एसडीपीओ विजय कुमार मौके पर पहुंचे औकृर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मामला पाकुड़ की पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी तक पहुंचा। एसपी निधि ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। एसडीपीओ विजय कुमार की देखरेख में टीम को एक्टिव किया और मानवीय और तकनीकी सेल की मदद से बच्चियों का लोकेशन ट्रैक की। जांच के दौरान पता चला कि छात्राएं आंध्रप्रदेश के नेल्लौर जिले में हैं।
नेल्लौर में चला संयुक्त रेस्क्यू अभियान
जानकारी मिलते ही पाकुड़ पुलिस ने जीआरपी नेल्लौर और जिला पुलिस नेल्लौर से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें दोनों नाबालिग छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस मामले में शामिल एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी
पुलिस के अनुसार बरामद दोनों छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें जल्द ही उनके परिजनों के पास सौंपने की अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। छात्राएं नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान और तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की जाएंगी।
पुलिस की कार्रवाई से लोगों में संतोष
पाकुड़ पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है और इसे छात्राओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम बताया है।
इसे भी पढ़ें : स्कूल गई, फिर गायब हो गई : दो छात्राओं के लापता होने से हड़कंप… देखें वीडियो

