अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
बागपत| देश महामारी के संकट से गुजर रहा है| हर रोज हजारों लोग अपनों को खो रहे हैं| ऐसे कठिन समय को भी कुछ लोग लाभ के लिए उपयोग कर रहे हैं| उत्तर प्रदेश के बागपत में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है| पुलिस ने कब्रिस्तान और श्मशान घाट से कफन और शवों के कपड़े चोरी कर उन्हें बाजार में बेचने वाले गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार किया है|
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मानवता को शर्मसार करने के साथ ही Covid-19 संक्रमण को भी दावत दे रहा था| बताया गया कि कपड़ा व्यापारी समेत उसके अन्य साथी मिलकर श्मशान घाट, कब्रिस्तान से कफन और शव पर डाला गया चादर आदि चुरा लेते थे और उन कपड़ों को प्रेस करके ग्वालियर कम्पनी का मार्का लगाकर बाजार में बेचते थे|
हैरानी की बात यह है कि यह गिरोह पिछले दस साल से यह काम कर रहा था| गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कपड़ा व्यापारी रोजाना 300 रुपये मजदूरी दिया करता था| अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 520 सफेद व पीली चादर, 127 कुर्ता, 140 सफेद कमीज, 34 सफेद धोती, 12 गर्म शॉल रंगीन, 52 धोती महिला, 3 रिबन के पैकेट, 158 रिबन ग्वालियर, 1 टेप कटर, 112 ग्वालियर कम्पनी के स्टिकर भी बरामद किए हैं| पकड़े गए आरोपियों पर बड़ौत पुलिस ने IPC की धाराओं के अलावा महामारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है|
कपड़ा व्यापारी प्रवीण जैन समेत उसके बेटे आशीष जैन, भतीजा ऋषभ जैन व अन्य राजू शर्मा, श्रवण शर्मा, बबलू कश्यप, शाहरुख खान सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है, सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है|

