अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sasaram : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सासाराम जिलाध्यक्ष और करूप पंचायत के मुखिया कमलेश राय को पुलिस ने गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुराचार करने का मामला दर्ज हुआ है। घटना 12 नवंबर 2024 की है। करूप पंचायत के भैंसही कला गांव की नाबालिग लड़की अचानक घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने तुरंत थाने में शिकायत की और मुखिया कमलेश राय व उनके साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया।
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। एक सप्ताह बाद 19 नवंबर को लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया। उसका मेडिकल जांच कराया गया और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज किया गया। लड़की के बयान में कमलेश राय पर गंभीर आरोप लगे। पुलिस को मिले साक्ष्यों और परिजनों की प्राथमिकी से भी यही बात सामने आई। इसके बाद लंबी जांच और सबूत जुटाने के बाद कमलेश राय को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने बताया, “नाबालिग के बयान, परिवार की एफआईआर और जांच में मिले सबूतों के आधार पर मुखिया कमलेश राय को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ अपहरण और नाबालिग के साथ दुराचार की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।” पुलिस का कहना है कि मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, उनकी तलाश और जांच जारी है। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
मुखिया की गिरफ्तारी के बाद पूरे सासाराम जिले में सनसनी फैल गई है। लोग इसे शर्मनाक घटना बता रहे हैं और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में भी खासी हलचल है। ग्रामीण न्याय की उम्मीद लिए पुलिस और कोर्ट की कार्रवाई पर नजर टिकाए हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : पटना एयरपोर्ट पर दो ‘CBI अफसर’ गिरफ्तार… जानें क्यों

