अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali : बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को फौजी और उनके पिता के हत्यारोपी जगदीश राय औऱ पुलिस के बीच एनकाउंटर हो गया। खुद को घिरा देख डबल मर्डर के आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की तरफ से चलाई गईं दो गोलियां पुलिस की गाड़ी पर लगी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और गोलियां दागी। पुलिस की गोली आरोपी जगदीश राय के दोनों पैरों में घुटने के नीचे लगी है, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
सुनसान ठिकाने पर छिपा था आरोपी, पुलिस ने की घेराबंदी
रविवार को हुए फौजी और उनके पिता के हत्याकांड के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जगदीश राय बिदुपुर थाने से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने सरेंडर करने की जगह सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
मामले में वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने मीडिया को बताया, “आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी के दोनों पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है और उसकी हालत सामान्य है। आरोपी ने पुलिस गाड़ी पर भी दो गोली चलाई थी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई।”
जोधपुर में तैनात थे फौजी, छुट्टी पर आए थे घर
यहां याद दिला दें कि मारे गए जितेंद्र कुमार भारतीय सेना के जवान थे। वे राजस्थान के जोधपुर में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। जितेंद्र अपने परिवार के साथ समय बिताने घर पहुंचे थे, लेकिन पटीदारों की आपसी रंजिश के कारण बाप-बेटे दोनों की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
रास्ते का लफड़ा : बहस के बाद भतीजे ने ही मार दी गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पारिवारिक और रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ है। मृतक मुनारिक राय का अपने पटीदारों (रिश्तेदारों) के साथ जमीन और रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह इसी रास्ते की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी बीच मुनारिक राय के भतीजे ने हथियार निकालकर अपने ही चाचा और फौजी भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से फौजी जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है और मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में लिखी जा रही विकास की नयी इबारत, सीएम सम्राट कर गये ये बड़े ऐलान

