अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची से सटे रातू थाना क्षेत्र के चित्तरकोटा पतरा गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी गांव के पास आ पहुंचा। लोग नींद से उठ ही रहे थे कि अचानक हाथी दिखने की खबर फैल गई। देखते ही देखते पूरे गांव में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी गांव के किनारे खेतों की तरफ घूमता नजर आया। कई लोगों ने दूर से ही उसे देखा, लेकिन कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर ही दुबके रहे।
36 साल के मजदूर की दर्दनाक मौत
इस बीच सबसे दुखद खबर यह रही कि हाथी ने 36 वर्षीय मजदूर सुबोध खलखो को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि सुबोध सुबह किसी काम से बाहर निकले थे, तभी हाथी से उनका सामना हो गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सुबोध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी सदमे में हैं। सबके मन में एक ही सवाल है कि आखिर जंगल का हाथी आबादी तक कैसे पहुंच गया।
क्या वही हाथी है जो हटिया में दिखा था
ग्रामीणों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि यह वही हाथी हो सकता है जिसे कुछ दिन पहले रांची के हटिया इलाके में भी देखा गया था। हटिया में हाथी के घुसने के बाद से ही आसपास के इलाकों में दहशत बनी हुई थी। अब रातू में उसके दिखने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोग कह रहे हैं कि अगर समय रहते इसे काबू में नहीं किया गया तो और भी नुकसान हो सकता है।
घरों में कैद हुए लोग
हाथी की मौजूदगी की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। बच्चों को बाहर खेलने से मना कर दिया गया है। बुजुर्गों को खास तौर पर सावधान रहने को कहा गया है। खेतों की तरफ जाने वाले रास्ते फिलहाल खाली पड़े हैं। ग्रामीण एक-दूसरे को फोन कर सतर्क कर रहे हैं। कई लोग छतों से दूरबीन या मोबाइल से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, लेकिन कोई भी जोखिम लेने को तैयार नहीं है।
वन विभाग और पुलिस अलर्ट पर
घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस और वन विभाग को खबर दी गई। वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और खुद से हाथी को भगाने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और घरों के अंदर ही रहें।
इसे भी पढ़ें : रांची शहर में घूम रहा जंगली हाथी, खौफ में लोग… देखें वीडियो



