अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के हटिया इलाके में भोरे-भोर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल से निकलकर एक जंगली हाथी सीधे शहरी इलाके में पहुंच गया। लोग सुबह की सैर पर निकले थे, बच्चे स्कूल जाने की तैयारी में थे, तभी सड़क के बीचो-बीच हाथी को चलते देख सबके होश उड़ गए।
रांची के हटिया में रोड पर घूमता दिखा जंगली हाथी, पुलिस मौके पर मौजूद#ranchinews #elephants #jharkhandnews #newssamvad pic.twitter.com/gMRIfNiBl5
— News Samvad (@newssamvaad) February 27, 2026
निफ्ट कैंपस में घूमता रहा हाथी
मिली जानकारी के अनुसार हाथी फिलहाल राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) के हटिया स्थित परिसर में घूमता नजर आया। बताया जा रहा है कि यह इलाका हटिया के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था और भटकते-भटकते शहर की तरफ आ गया। कुछ देर तक वह सड़क के बीचों-बीच आराम से टहलता रहा। गाड़ियों की आवाजाही रुक गई और लोग दूर से ही वीडियो बनाने लगे, लेकिन ज्यादातर लोग डर के मारे घरों और दुकानों में छिप गए।
लोगों में डर का माहौल
हाथी को अचानक शहर में देखकर इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों का कहना है कि अगर हाथी बेकाबू हो जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। यह कोई पहली बार नहीं है जब रांची के शहरी इलाके में जंगली हाथी घुस आया हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में हमेशा डर बना रहता है।
पुलिस और वन विभाग मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश में जुटी हुई है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : न कोई छोटा, न कोई बड़ा, हाजी तनवीर की इफ्तार पार्टी में जुड़ते दिल… जानें



