अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Supaul : बिहार के सुपौल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। राघोपुर थाना इलाके में एक महिला इंसाफ की गुहार लगाते हुए अपने 12 साल के मासूम बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर ली है। उसने साफ कह दिया कि जब तक जिले के बड़े अधिकारी (डीएम और एसपी) मौके पर नहीं आते, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की वजह से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रेम विवाह के बाद मिला धोखा
टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली गुड्डी देवी के रूप में हुई है। गुड्डी देवी का कहना है कि करीब 10 साल पहले मोतीपुर के रहने वाले अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। इस शादी से उनका एक 12 साल का बेटा भी है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ साल तो सब ठीक रहा, लेकिन बाद में उसके पति ने उसे और बच्चे को लावारिस छोड़ दिया और गुपचुप तरीके से दूसरी शादी रचा ली।
पुलिसिया कार्रवाई से थी नाराज
गुड्डी देवी ने बताया कि वह अपने हक और इंसाफ के लिए कई बार थाने और बड़े पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट चुकी है। हर जगह सिर्फ आश्वासन मिला, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के इसी ढुलमुल रवैए और सिस्टम से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया। वह अपने बेटे को साथ लेकर मोबाइल टावर की ऊंचाई पर जा बैठी ताकि सोए हुए प्रशासन को जगा सके।
मौके पर जुटी भारी भीड़, सहमे लोग
जैसे ही लोगों को पता चला कि एक मां-बेटा टावर पर चढ़ गए हैं, वहां ग्रामीणों और राहगीरों का तांता लग गया। नीचे खड़े लोग डर के साए में पूरा नजारा देखते रहे कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को टावर से दूर रहने की हिदायत दी।
प्रशासन के फूले हाथ-पांव, समझाने की कोशिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस टीम और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गए। महिला की जिद के आगे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। खबर लिखे जाने तक नीचे से ही लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए महिला को समझाने-बुझाने का दौर लगातार चल रहा है। किसी भी अनहोनी या हादसे से निपटने के लिए टावर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट की सुरक्षा में चूक पर एक्शन, ये अधिकारी सस्पेंड

