अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के बक्सर में सीएम सम्राट चौधरी के दौरे के दौरान सुरक्षा में हुई बड़ी लापरवाही पर सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कुमार ऋत्विक को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। सरकार ने यह कदम मुख्यमंत्री की सुरक्षा में हुई भारी चूक और सरकारी आदेशों की अनदेखी को लेकर उठाया है। यह पूरा मामला इसी साल 23 मई का है, जब सीएम सम्राट चौधरी बक्सर के दौरे पर गए थे। उनके आगमन के समय बक्सर के किला मैदान में उनका हेलीकॉप्टर तय जगह पर लैंड नहीं कर पाया था। मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को देखते हुए तुरंत एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई गई थी, जिसकी कमान एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) को सौंपी गई।
जांच रिपोर्ट में खुली लापरवाही की पोल
जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अफसर ने अपनी ड्यूटी को गंभीरता से नहीं लिया, काम में बड़ी लापरवाही बरती और अपने से सीनियर अधिकारियों के निर्देशों को भी नजरअंदाज किया। इसके चलते मुख्यमंत्री जैसे वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था में कई बड़ी खामियां देखने को मिलीं।
नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
बक्सर के डीएम (जिला पदाधिकारी) ने इस पूरे मामले की एक रिपोर्ट विभाग को भेजी थी। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर विकास एवं आवास विभाग ने माना कि कुमार ऋत्विक का यह बर्ताव ‘बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976’ के नियमों के खिलाफ है। इसके बाद ‘बिहार सरकारी सेवक नियमावली, 2005’ के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें अगले आदेश तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : तेज प्रताप केस में पूर्व PA की पत्नी बोली- ‘ED-CBI’ बनकर आए लोग और फिर… देखें वीडियो

