अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : यूरोपियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) द्वारा जारी पिच-डाउन घटना संबंधी आपातकालीन एयरवर्दीनेस डायरेक्टिव के बाद दुनियाभर में एयरबस A320 सीरीज के विमानों को अस्थायी रूप से ग्राउंड किया गया था। इसी निर्देश के आधार पर भारत के डीजीसीए (DGCA) ने भी एयरबस A318, A319, A320 और A321 मॉडलों पर अनिवार्य सॉफ्टवेयर मॉडिफिकेशन लागू किए। अब इन अपग्रेडेशन से जुड़ा ताज़ा अपडेट सामने आ गया है।
DGCA ने एयरलाइंस से मांगी रिपोर्ट, तीनों ने सौंपा स्टेटस
DGCA के मुताबिक, सौर विकिरण (Solar Radiation) के कारण उत्पन्न तकनीकी जोखिम को देखते हुए एलीवेटर एंड एइलरॉन कंप्यूटर (ELAC) सॉफ्टवेयर का अपडेट आवश्यक था। 29 नवंबर 2025 को इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी पूरी रिपोर्ट DGCA को भेज दी है।
IndiGo ने 200 विमान अपडेट किए, नहीं हुई एक भी फ्लाइट रद्द
सबसे अधिक प्रभाव Indigo पर पड़ा था, जिसके करीब 200 विमान ग्राउंड हुए थे। एयरलाइन ने सभी 200 एयरबस विमानों में ELAC सॉफ्टवेयर सफलतापूर्वक अपग्रेड कर दिया है। कंपनी ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान 184 फ्लाइट्स में देरी जरूर हुई, लेकिन एक भी उड़ान रद्द नहीं करनी पड़ी। अपग्रेडेशन दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता में पूरा किया गया।
Air India के 113 में से 100 विमान अपग्रेड
Air India के कुल 113 विमानों में से 100 विमानों का अपडेट पूरा हो चुका है। इनमें 104 A320 NEO और 9 A320 CEO एयरक्राफ्ट शामिल थे। 13 विमान अभी भी मेंटेनेंस में हैं, जिनमें से 9 पर यह मॉडिफिकेशन लागू नहीं होता। सॉफ्टवेयर अपडेट का काम दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद में किया गया।
Air India Express ने 25 में से 23 विमान अपडेट किए
Air India Express के 25 विमानों में से 23 पर ELAC सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा हो चुका है। प्रक्रिया के दौरान 4 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बाकी दो विमान अभी मेंटेनेंस में हैं और जल्द सर्विस में लौटने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : यूपी का कॉन्स्टेबल निकला साइबर गिरोह का मास्टरमाइंड, कैसे खुला राज… जानें



