अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आज का दौर सोशल मीडिया, रील्स और डिजिटल स्क्रीन का है, जहां हर कोई अपनी बात कहने के लिए नए तरीके तलाश रहा है। इसी बदलती दुनिया में जब जनसंपर्क और संवाद की बात आती है, तो असली पहचान वही बनती है जो सच्ची हो और सीधे दिल तक पहुंचे। इसी सोच के साथ CCL यानी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड यानी सीसीएल झारखंड की राजधानी रांची में लगातार दूसरे साल नेशनल पीआर कॉन्क्लेव 2026 कराने जा रहा है। आने वाली 4 और 5 नवंबर को शहर में देशभर से मीडिया, जनसंपर्क और डिजिटल दुनिया से जुड़े लोग जुटेंगे। कॉन्क्लेव का पूरा ताना-बाना इस बात पर बुना गया है कि कैसे एल्गोरिदम और तकनीकी दौड़ के बीच भी बातचीत में सच्चाई और नए विचारों का असर बनाए रखा जाए। इस आयोजन को केवल चर्चाओं तक सीमित रखने के बजाय युवाओं के हुनर से जोड़ने के लिए सीसीएल ने पांच अलग-अलग रचनात्मक मुकाबले शुरू किए हैं।
कैमरे से कहानी कहने और तस्वीरों के जरिए हुनर दिखाने का मौका
कॉन्क्लेव के तहत जो पांच प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, उनमें सबसे बड़ा आकर्षण शॉर्ट फिल्म मेकिंग है। इसमें कॉलेज के छात्रों और युवा फिल्मकारों से दो से तीन मिनट की छोटी फिल्में मांगी गई हैं। पहला विषय झारखंड की समृद्ध संस्कृति, हरियाली और इको-माइन टूरिज्म पर रखा गया है, ताकि लोग यह जान सकें कि खनन के साथ-साथ पर्यावरण और पर्यटन को कैसे नई दिशा दी जा रही है। दूसरा विषय राज्य में दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान दिखने वाली सांस्कृतिक रौनक, परंपरा और मेलजोल पर आधारित है। चुनी गई बेहतरीन फिल्मों को कॉन्क्लेव के दौरान बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। इसके अलावा जिन युवाओं को अपनी आंखों से दुनिया के खूबसूरत पल कैद करने का शौक है, उनके लिए गोल्डन शटर अवॉर्ड यानी फोटोग्राफी मुकाबला रखा गया है। इसमें प्रतिभागी किसी भी विषय पर अपनी खींची हुई दो बेहतरीन और साफ तस्वीरें भेज सकते हैं, चाहे वे आड़ी फ्रेम में हों या खड़ी।

सोशल मीडिया के असरदार चेहरों और प्रचार के नए प्रयोगों को पहचान
आजकल युवाओं के बीच डिजिटल क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर बनने की होड़ है। इसे ध्यान में रखते हुए कॉन्क्लेव में बेस्ट इन्फ्लुएंसर और राइजिंग पीआर स्टार की श्रेणी बनाई गई है। जनसंपर्क, विज्ञापन और सोशल मीडिया पर सक्रिय युवा अपनी प्रोफाइल, अपने खास काम, दर्शकों की संख्या और अपनी पहुंच का ब्योरा भेजकर इसमें दावेदारी कर सकते हैं। चयन इस बात पर होगा कि डिजिटल दुनिया में उनका असर कितना ठोस और सकारात्मक है। इसके साथ ही एक अनोखी श्रेणी नेशनल पीआर कॉन्क्लेव के प्रचार-प्रसार में रचनात्मक योगदान की रखी गई है। अगर किसी युवा ने कॉन्क्लेव को लोगों तक पहुंचाने के लिए खुद कोई खास पोस्टर, रील, वीडियो या थीम तैयार की है और उसके जरिए लोगों को जोड़ा है, तो उसे भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
28 अक्टूबर शाम तक मौका, सीधे हेल्पलाइन पर भी पूछ सकते हैं सवाल
इन सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर 2026 तय की गई है। इच्छुक प्रतिभागियों को शाम 5 बजे से पहले आधिकारिक पोस्टर में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके अपना फॉर्म भरना होगा। CCL प्रबंधन ने यह भी साफ किया है कि शानदार काम करने वालों को सिर्फ मंच ही नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें सांत्वना पुरस्कार और सम्मान भी दिया जाएगा। अगर किसी प्रतिभागी को फॉर्म भरने या नियमों को समझने में कोई दिक्कत आती है, तो वे सीधे आयोजकों के हेल्पलाइन नंबर 9118413325, 7488497047, 7541892203 या 9771433566 पर बात कर सकते हैं। सभी मुकाबलों में आखिरी फैसला चयन समिति का ही मान्य होगा। सीसीएल का मानना है कि यह आयोजन रांची के युवाओं को अपनी बात कहने और रचनात्मक दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने का एक बेहतरीन अवसर देगा।
इसे भी पढ़ें : काले हीरे की चमक से रोशन हुए खेत-खलिहान, CCL को दिल्ली में मिले 3 नेशनल अवॉर्ड


