अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा जिले के मनोहरपुर वासियों की वर्षों पुरानी मांग शनिवार को पूरी हो गई। टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के पहली बार मनोहरपुर स्टेशन पर ठहरते ही स्टेशन परिसर में खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग ढोल-नगाड़ों के साथ स्टेशन पहुंचे और ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। यात्रियों के साथ रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी लोगों ने अभिनंदन किया।
सांसद ने बताया ऐतिहासिक दिन
ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया और राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि जेबी तुबिद ने संयुक्त रूप से स्वागत किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रही थी। लोगों की लगातार उठती आवाज और प्रयासों से यह मांग पूरी हुई है। सांसद ने स्थानीय रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यहां ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
सारंडा सवारी ट्रेन नियमित करने की मांग
विधायक जगत माझी ने कोविड काल के बाद प्रभावित हुई रेल सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सारंडा सवारी गाड़ी का बार-बार बंद होना आम यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। इसे जल्द से जल्द नियमित किया जाना चाहिए, ताकि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

