अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड की समृद्ध संस्कृति और विकास की नई तस्वीर देखने को मिल रही है। सीएम हेमंत सोरेन ने शनिवार को यहां झारखंड पवेलियन और ‘पलाश’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस साल भी झारखंड को इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में ‘फोकस स्टेट’ के रूप में शामिल होने का गौरव मिला है, जिससे राज्य के उत्पादों और कला को एक बड़ा राष्ट्रीय मंच मिल रहा है।

टसर सिल्क और हस्तशिल्प के जरिए महिला उद्यमिता को मिला राष्ट्रीय मंच
पवेलियन पहुंचने पर पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ सीएम हेमंत सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे पवेलियन का घूमकर जायजा लिया और वहां लगे अलग-अलग स्टॉलों पर जाकर झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति और स्थानीय उत्पादों के बारे में बारीकी से जानकारी ली। इस बार पवेलियन में राज्य के मशहूर टसर सिल्क, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा तैयार सामानों को खास जगह दी गई है। इसका मुख्य मकसद स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के हुनर को देश-दुनिया के खरीदारों से जोड़ना है।

‘विकास और विरासत’ की थीम पर दिखी सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां
मीडिया से बातचीत में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड हर साल इस ट्रेड फेयर में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराता है। इस बार हमारी थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इस थीम के जरिए सरकार ने यह दिखाने की कोशिश की है कि कैसे राज्य अपनी पुरानी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। पवेलियन में राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक प्रगति से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों के सामने रखा गया है।

उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री समेत कई सीनियर अधिकारी रहे मौजूद
झारखंड पवेलियन के उद्घाटन के इस खास मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी सीएम के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक अमले से मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अधिकारियों का मानना है कि फोकस स्टेट होने के नाते इस बार मेले में झारखंड के स्टॉलों पर निवेशकों और आम लोगों की खासी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत और कल्पना ने दी खरना पर बधाई, बोले- छठ व्रतियों का कठिन तप अटूट श्रद्धा का प्रतीक






