अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शनिवार की सुबह 10:30 बजे से रांची सिविल कोर्ट की गूंज कुछ अलग ही थी। यह दिन किसी सामान्य कोर्ट का नहीं, बल्कि विशेष लोक अदालत और मासिक लोक अदालत का था, जहां लंबित मामलों का निस्तारण किया जाना था। कोर्ट के हॉल में वादकारियों, उनके परिवारों और अधिकारियों का मिश्रित उत्साह और हलचल देखने लायक था।
सबसे बड़ी राहत
आज की लोक अदालत में कुल 75,076 वादों का निपटारा किया गया। इनमें बिजली से जुड़े विवाद भी शामिल थे। सबसे बड़ी बात यह थी कि इन मामलों में कुल 25,52,94,073.77 रुपए की समझौता राशि वसूल की गई। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए राहत और उम्मीद की किरण थी जो लंबे समय से न्याय के इंतजार में थे।
डालसा सचिव रवि कुमार भास्कर ने बताया कि न्यायालयों द्वारा वादकारियों को पहले से नोटिस भेजा गया था ताकि लोग तैयारी कर सकें और अधिक से अधिक मामलों का निपटारा हो सके। उनका कहना था, “हमारा मकसद सिर्फ वादों का निपटारा करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। जब कोई विवाद खत्म होता है, तो उसके पीछे परिवारों की छोटी-छोटी खुशियां जुड़ी होती हैं।”
लोगों ने ली राहत की सांस
हॉल में मौजूद कई वादकारीयों ने राहत की सांस ली। बिजली बिलों और अन्य मामलों में लंबे समय से अटके हुए विवादों ने उनके जीवन को जकड़ रखा था। एक वृद्ध महिला ने कहा, “अखिरकार हमारा लफड़ा खत्म हुआ, अब हम चैन की नींद सो सकेंगे।”
इसे भी पढ़ें : दया की गर्माहट : जब न्यायमूर्ति ने खुद बढ़कर थामा बुजुर्गों का हाथ

