अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gumla : गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के रोरेद गांव के जंगल से शुक्रवार को एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान रोरेद गांव निवासी समीर टोप्पो (30) के रूप में हुई है। समीर पिछले दो रोज से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने जंगल में सखुआ के पेड़ से युवक का शव लटकता देखा। इसके बाद इसकी सूचना कुरुमगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
गुरुवार को चाचा के साथ गया था शराब पीने
परिजनों के अनुसार, समीर गुरुवार को अपने चाचा के साथ शराब पीने गया था। वहां से लौटने के दौरान वह कहीं चला गया और फिर घर नहीं लौटा। काफी देर तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन समीर का कोई पता नहीं चल पाया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच अगले दिन जंगल में उसका शव पेड़ से लटकता मिला। शव की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान की।
रात में फोन कर तोड़फोड़ और मारपीट की दी गई थी जानकारी
परिजनों का कहना है कि समीर के लापता होने के बाद उसके चाचा के मोबाइल पर रात में मरवा गांव निवासी शीतल कुमार का फोन आया था। फोन पर बताया गया कि समीर ने घर में तोड़फोड़ की है और मारपीट भी की है। परिजनों के अनुसार, इसके बाद ही समीर का शव जंगल से पेड़ पर लटकता हुआ बरामद हुआ। इसी आधार पर परिवार के लोगों ने शीतल कुमार पर समीर की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुरुमगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि समीर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह जंगल तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : रात के सन्नाटे में हाइवे पर खड़े ट्रकों से कर रहा था खेला, उठा ले गयी पुलिस

