अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : लोकआस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन यानी खरना पूजा के मौके पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर छठ व्रतियों के कठिन तप और समर्पण को नमन किया है। साथ ही भगवान भास्कर और छठी मईया से सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की है।
छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और समर्पण का प्रतीक: सीएम हेमंत सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर अपनी पोस्ट के जरिए सभी छठ व्रतियों और उनके परिवार के लोगों को खरना की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार के प्रति समर्पण, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्योपासना की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है। सीएम ने कहा कि छठ व्रतियों का कठिन तप, त्याग और निर्जला व्रत उनकी अटूट श्रद्धा और संकल्प को दिखाता है। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मईया से कामना की कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि दें।
खरना के पावन अवसर पर समस्त छठ व्रतियों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं।
छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि परिवार के प्रति समर्पण, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्योपासना की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है। छठ व्रतियों का कठिन तप, त्याग और निर्जला व्रत उनकी अटूट श्रद्धा और संकल्प को दर्शाता है।
भगवान भास्कर और छठी मईया सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।
जय छठी मईया! 🙏
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 14, 2026
खरना सादगी और मिल-बांटकर खुशियां मनाने का संदेश देता है : कल्पना सोरेन
सीएम की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सभी श्रद्धालुओं को खरना की शुभकामनाएं और जोहार कहा। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि छठ महापर्व का यह पावन अनुष्ठान हमें सादगी, पवित्रता और मिल-बांटकर खुशियां मनाने का संदेश देता है। कल्पना सोरेन ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कठिन व्रत रखने वाले सभी व्रतियों की श्रद्धा और समर्पण को प्रणाम किया। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान भास्कर और छठी मईया हर घर में खुशहाली बनाए रखें और सभी झारखंडवासी स्वस्थ रहें।
छठ महापर्व के पावन अनुष्ठान खरना की सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार।
खरना हमें सादगी, पवित्रता और मिल-बांटकर खुशियां मनाने का संदेश देता है। अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कठिन व्रत रखने वाले सभी छठव्रतियों की श्रद्धा और समर्पण को नमन।
भगवान भास्कर और छठी मईया हर घर में सुख, शांति और खुशहाली बनाए रखें। सभी झारखण्डवासी स्वस्थ रहें और सबके जीवन में खुशियां आएं, यही प्रार्थना है।
जय छठी मईया!
— Kalpana Murmu Soren (@JMMKalpanaSoren) November 14, 2026
आज शाम से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है और आज दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान किया जा रहा है। खरना के दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी बनाकर छठी मईया को भोग लगाते हैं। इस प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। इसके बाद महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य को और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस पर्व का समापन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : आदिवासी नेत्री निशा भगत मौ’त मामले की अब CBI करेगी जांच, सीएम हेमंत ने दिए आदेश





