अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर में इन दिनों पेट्रोल पंपों का नजारा बदला-बदला दिख रहा है। सुबह होते ही कई पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जा रही हैं। लोगों में यह डर बैठ गया है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकी फुल करा रहे हैं। हालात ऐसे हो गए कि शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक जल्दी खत्म हो गया और उन्हें कुछ समय के लिए बंद भी करना पड़ा।
आधे घंटे से ज्यादा इंतजार कर रहे लोग
शहर के साकची, बिष्टुपुर, मानगो और आदित्यपुर इलाके के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों से कहीं ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालक तक लाइन में लगे नजर आ रहे हैं। कई लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।वाहन चालकों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उन्हें लगा कि शायद आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी डर से लोग पहले से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। एक बाइक चालक ने कहा, “अगर बाद में दिक्कत हो गई तो रोजमर्रा का काम रुक जाएगा। इसलिए अभी टंकी फुल करवा लेना बेहतर है।”
अफवाहों ने बढ़ाई परेशानी
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि असली समस्या ईंधन की कमी नहीं, बल्कि अफवाहें हैं। लोगों के बीच यह बात तेजी से फैल गई कि आगे पेट्रोल मिलना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से अचानक मांग बढ़ गई है।एक पंप मैनेजर ने बताया, “हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई भी लगातार हो रही है। लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। एक साथ इतनी ज्यादा मांग बढ़ने से कुछ पंपों का स्टॉक जल्दी खत्म हो गया।”उन्होंने कहा कि हालात पूरी तरह सामान्य हैं और घबराने की जरूरत नहीं है।
पीएम की अपील का उलटा असर
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व बाजार की स्थिति का जिक्र करते हुए लोगों से पेट्रोल की खपत कम करने और सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उनका मकसद लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक खर्च से बचने का संदेश देना था।लेकिन जमशेदपुर में इसका असर उलटा देखने को मिला। लोगों ने इसे संभावित संकट का संकेत मान लिया और पेट्रोल-डीजल जमा करना शुरू कर दिया। इससे सामान्य सप्लाई व्यवस्था पर अचानक दबाव बढ़ गया।
प्रशासन और पंप संचालकों की अपील
प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। उनका कहना है कि शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है।संचालकों ने कहा कि अगर लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदेंगे तो बेवजह भीड़ बढ़ेगी और आम लोगों को परेशानी होगी। उन्होंने लोगों से केवल जरूरत के मुताबिक ही पेट्रोल-डीजल भरवाने की अपील की है।

