अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : खाकी वर्दी पहनकर जब कोई जवान घर से निकलता है, तो उसके कंधों पर सिर्फ सितारे या फीते नहीं होते, बल्कि पूरे राज्य की सुरक्षा का भरोसा होता है। झारखंड के घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और नक्सल प्रभावित इलाकों में अपनी जान की परवाह किए बिना ड्यूटी करने वाले ऐसे ही 43 जांबाज पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए गौरव का पल आ गया है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2026 और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के खास मौके पर इन जांबाजों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने 21 नवंबर को इन नामों पर मुहर लगाते हुए आधिकारिक सूची जारी कर दी है। 28 नवंबर 2026 को होने वाले मुख्य समारोह में 13 वीरों के सीने पर वीरता पदक और 30 अधिकारियों व जवानों को सराहनीय सेवा पदक से नवाजा जाएगा।
लातेहार और चतरा के जंगलों से लेकर रांची तक गूंजेगी बहादुरी की कहानी
नक्सल मोर्चे पर सीधा लोहा लेने वाले कुल 13 पुलिस अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक के लिए चुना गया है। साल 2022 के वीरता पदक के लिए सब-इंस्पेक्टर राजीव कुमार भगत और सब-इंस्पेक्टर दिव्य प्रकाश का चयन हुआ है। दोनों जांबाजों ने लातेहार जिले में तैनाती के दौरान अपनी बहादुरी का लोहा मनवाया था और वर्तमान में राजीव बोकारो तथा दिव्य प्रकाश हजारीबाग में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसी तरह साल 2023 के वीरता पदक की सूची में पांच नाम शामिल हैं। इनमें चतरा जिले में सब-इंस्पेक्टर रहते हुए बहादुरी दिखाने वाले और वर्तमान में रांची में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात सनोज कुमार चौधरी, चतरा के ही आरक्षी 621 प्रकाश कुमार यादव और रांची के तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र लकड़ा शामिल हैं, जो अभी पलामू जिले में तैनात हैं। आतंकवाद निरोधक दस्ता यानी एटीएस रांची में डीएसपी रहते हुए साहस दिखाने वाले और वर्तमान में हटिया डीएसपी नीरज कुमार तथा रामगढ़ के तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर और वर्तमान में गिरिडीह में पदस्थापित सोनू कुमार साहू को भी 2023 के वीरता पदक से नवाजा जाएगा।
कमान संभालने वाले बड़े अफसरों से लेकर फील्ड के सब-इंस्पेक्टर तक को सलाम
साल 2024 के वीरता पदक की सूची में छह जांबाजों को चुना गया है। हजारीबाग के तत्कालीन डीआईजी और वर्तमान में आईजी अभियान झारखंड के पद पर कार्यरत आईपीएस नरेन्द्र कुमार सिंह को उनके अदम्य साहस के लिए यह पदक दिया जाएगा। उनके साथ ही चतरा के तत्कालीन एसपी और वर्तमान में राजधानी रांची के एसएसपी आईपीएस राकेश रंजन को भी वीरता पदक से अलंकृत किया जाएगा। रांची में नशे के नेटवर्क पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे ध्वस्त करने वाले कोतवाली रांची के तत्कालीन डीएसपी और वर्तमान में धनबाद के विधि व्यवस्था डीएसपी प्रकाश सोय ने भी अपनी बहादुरी से यह मुकाम हासिल किया है। इसके अलावा गढ़वा जिले के दुर्गम इलाकों में डटे रहने वाले तीन सब-इंस्पेक्टर शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता को भी 2024 के वीरता पदक के लिए चुना गया है, जो वर्तमान में क्रमशः जमशेदपुर, हजारीबाग और रामगढ़ जिले में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
आईजी सीआईडी और झारखंड जगुआर के जांबाजों समेत 30 को सराहनीय सेवा पदक
बहादुरी के साथ ही सटीक रणनीति, जांच और दिन-रात की कड़ी मेहनत से राज्य में शांति कायम करने वाले 30 अधिकारियों और जवानों को साल 2022 के सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है। इस सूची में सीआईडी झारखंड के आईजी आईपीएस असीम विक्रांत मिंज और रांची के तत्कालीन डीआईजी आईपीएस अनीश गुप्ता का नाम प्रमुख है, जो वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इनके अलावा हजारीबाग जैप-7 के तत्कालीन वरीय डीएसपी और वर्तमान में एटीएस रांची के एसपी आईपीएस राज कुमार मेहता, विशेष शाखा के तत्कालीन वरीय डीएसपी और वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में एसपी नक्सल अभियान आईपीएस दीपक कुमार शर्मा, बोकारो मुख्यालय के तत्कालीन वरीय डीएसपी और वर्तमान में गोड्डा एसपी आईपीएस मुकेश कुमार तथा लोहरदगा के तत्कालीन वरीय डीएसपी अभियान और वर्तमान में एआईजी सह डीजी के विशेष सहायक आईपीएस दीपक कुमार पाण्डेय को भी यह सम्मान मिलेगा। रांची जिले के प्रा०अ०नि० (आशुलिपिक) मोहम्मद अरशद खां भी इस सूची में शामिल हैं।
इस बार सराहनीय सेवा पदक की सूची में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) रांची के जांबाजों का विशेष दबदबा रहा है। झारखंड जगुआर के छह सब-इंस्पेक्टर सुदामा सिंह, सुखराम उरांव, मुकुन्द बानरा, अन्स्लेम फ्रांसिस सोय, बिहारी मराण्डी और ईश्वरी सिंह के साथ सहायक अवर निरीक्षक बंधना उरांव तथा हवलदार प्रशान्त कुमार महतो, रामाशंकर कुमार, अमित गुरुंग और एमानुएल टुडू को पदक मिलेगा। इसके अलावा पलामू जिले के सहायक अवर निरीक्षक सुबोध कुमार, गढ़वा के सहायक अवर निरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय और हवलदार ईसहाक डोडराय, सिमडेगा के हवलदार जारका कोरवा, गुमला के हवलदार धर्मेन्द्र कुमार और चतरा के हवलदार भूषण शर्मा को भी सम्मानित किया जाएगा। आरक्षी स्तर पर खूंटी जिले के दुर्गा उरांव और कुँवर मुण्डा, बोकारो के अजय कुमार सिंह तथा जैप-1 रांची के सूर्य बहादुर घर्ती का चयन हुआ है। महिला पुलिसकर्मियों में जैप-10 होटवार रांची की महिला हवलदार अंजुला कुजूर और महिला आरक्षी अनूपा कुमारी को भी सराहनीय सेवा पदक से नवाजा जाएगा।


25 नवंबर तक रांची में देनी होगी रिपोर्ट, परेड का होगा रिहर्सल
पुलिस मुख्यालय ने समारोह की तैयारियों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पदक प्राप्त करने वाले सभी 43 पदाधिकारियों और कर्मियों को 25 नवंबर 2026 की दोपहर तक समादेष्टा, जैप-1 रांची के पास अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। जैप-1 के समादेष्टा को निर्देश दिया गया है कि वे सभी चयनित पुलिसकर्मियों को अलंकरण परेड का रिहर्सल कराएं और मुख्य समारोह में समय पर शामिल कराना सुनिश्चित करें। समारोह के दौरान इंस्पेक्टर स्तर से ऊपर के सभी अधिकारी सेरेमोनियल ड्रेस यानी पीक कैप, सैम ब्राउन और क्रॉस बेल्ट के साथ वर्किंग ड्रेस में नजर आएंगे, जबकि अन्य पुलिसकर्मी प्रॉपर वर्किंग यूनिफॉर्म में अपने पूर्व के पदकों के साथ सुसज्जित होकर उपस्थित रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : रांची में आज गुरु नानक जयंती की शोभायात्रा, इन रास्तों पर नो-एंट्री, देखें रूट चार्ट




