अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में अब सिर्फ पारंपरिक खेती या छोटे कारोबार ही नहीं, बल्कि सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और परमाणु ऊर्जा जैसे बड़े सेक्टरों में भी काम होने जा रहा है। राज्य में उद्योग और ऊर्जा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए करीब 2.25 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। पटना में हुए ‘उद्यमियों से संवाद एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह’ के दौरान देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियों और निवेशकों ने सम्राट सरकार के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। यह कदम बिहार को आधुनिक तकनीक और विनिर्माण के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने की ओर बड़ा इशारा है।
निवेशकों को मिल रहा बेहतर माहौल और सरकार का पूरा साथ
सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार बिहार को निवेश के लिए एक भरोसेमंद ठिकाना बनाने में जुटी है। कार्यक्रम में उद्यमियों से बातचीत करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने निवेशकों से अपील की कि वे बिहार पर भरोसा रखें, यहां अपने उद्योग लगाएं और राज्य के विकास में साझेदार बनें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में उद्योग लगाने के लिए अनुकूल माहौल, जरूरी संसाधन, मेहनती और कुशल युवा तथा एक बड़ा बाजार मौजूद है। वहीं, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि सरकार की कोशिश इन सभी प्रस्तावों को तय समय पर जमीन पर उतारने की है। उद्योग लगाने से लेकर उसे चलाने तक हर कदम पर निवेशकों को बेहतर सड़क, बिजली, पानी और आसान नीतियों का पूरा सहयोग दिया जाएगा।
सेमीकंडक्टर से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन तक हर सेक्टर में निवेश
इस बार मिले निवेश प्रस्तावों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं हैं। राज्य में लॉजिस्टिक्स, आईटी, फार्मास्यूटिकल्स, कंप्रेस्ड बायोगैस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सामान्य विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फूड प्रोसेसिंग और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे कई क्षेत्रों में पैसा लगाने की तैयारी है। सीटीआरएलएस (CTRLS), रेनवियन (रामकी ग्रुप), एफएआईआई, साएल इंडस्ट्रीज, रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री, राणा होल्डिंग और बगमैनिया सेमीकॉन जैसी कंपनियों के प्रस्ताव बिहार के औद्योगिक ढांचे को नई मजबूती देंगे। इन निवेशों से राज्य की अर्थव्यवस्था में विविधता आएगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
बांका और सिवान में परमाणु ऊर्जा संयंत्र, 6000 मेगावाट की भंडारण परियोजनाएं
उद्योगों के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र में भी बिहार के लिए बड़े प्रस्ताव सामने आए हैं। ऊर्जा क्षेत्र के करीब 1,72,885 करोड़ रुपए के प्रस्तावों में 6,000 मेगावाट क्षमता की चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं और बांका व सिवान में प्रस्तावित दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं। अडानी हाइड्रो एनर्जी, टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस, ग्रीनको एनर्जीज, एनटीपीसी और एनपीसीआईएल जैसी दिग्गज कंपनियों के प्रस्ताव राज्य की बिजली उत्पादन और भंडारण क्षमता को कई गुना बढ़ा सकते हैं। बिजली की यह मजबूत व्यवस्था आने वाले दिनों में बड़े उद्योगों के विस्तार की नींव बनेगी। इसके अलावा, राज्य की औद्योगिक ताकत को देश और दुनिया के सामने रखने के लिए ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027’ भी एक अहम मंच साबित होगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से युवाओं को अपने ही राज्य में नौकरी मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा सहारा मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : बिहार में भव्य होगा 360वां प्रकाश पर्व, हाई लेवल मीटिंग में सीएम सम्राट ने दिये निर्देश




