अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के हिरणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी और देवपुर बजरंगबली मंदिर के पुजारी मनोज दुबे की साहेबगंज में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मोहनपुर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को उनका शव पैतृक गांव मोहनपुर लाया गया। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए।
बहन के घर गए थे, शाम को टहलने निकले थे
बताया गया कि मनोज दुबे अपनी बहन के घर साहेबगंज गए हुए थे। वे घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शनिवार को मनोज दुबे का शव उनके पैतृक गांव मोहनपुर लाया गया।
देवपुर मंदिर में लंबे समय से कर रहे थे पूजा
मनोज दुबे देवपुर स्थित बजरंगबली मंदिर में पुजारी थे। वे लंबे समय से मंदिर में पूजा-अर्चना कराते आ रहे थे। मंदिर से जुड़े होने के कारण आसपास के लोगों से भी उनका गहरा जुड़ाव था। उनकी अचानक मौत की खबर से ग्रामीणों को गहरा सदमा लगा है। मोहनपुर में शव पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मनोज दुबे का व्यवहार लोगों के प्रति मिलनसार था और मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके निधन से गांव और आसपास के लोगों ने एक परिचित धार्मिक चेहरे को खो दिया।
पीछे बूढ़ी मां को छोड़ गए
मनोज दुबे अपने पीछे बूढ़ी मां को छोड़ गए हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। हर कोई इस आकस्मिक घटना पर दुख जताता नजर आया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात बाइक चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग भी की है।
इसे भी पढ़ें : डीसी मेघा भारद्वाज ने फहराया तिरंगा, परेड में दिखा जवानों का दम













