अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शुक्रवार को प्रेस क्लब रामगढ़ में श्रद्धांजलि सभा रखी गई। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों और जिले के तमाम पत्रकारों ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया। सभा में मौजूद सभी पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस मुश्किल वक्त में सोरेन परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई।
माता-पिता का जाना जीवन की सबसे बड़ी क्षति
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ के सचिव धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि माता-पिता का साया सिर से उठना किसी भी इंसान के लिए जिंदगी की सबसे बड़ी और कभी न भरने वाली क्षति होती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह समय बेहद भारी और चुनौतीपूर्ण है। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को खोया था और अब पूज्य माताजी के जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रामगढ़ इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके पूरे परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
सुख-दुख में समाज के साथ खड़ा होना भी पत्रकारिता का फर्ज
सचिव धर्मेंद्र पटेल ने आगे कहा कि पत्रकारिता का दायरा केवल रोजमर्रा की खबरें निकालने और छापने तक ही सीमित नहीं होता, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में भागीदार बनना और मानवीय संवेदनाओं को महसूस करना भी मीडिया का बुनियादी फर्ज है। उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि पूरे जिले के पत्रकार ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने का संबल प्राप्त हो।
जिले के वरिष्ठ पत्रकार और सदस्य रहे मौजूद
इस मौके पर प्रेस क्लब रामगढ़ के उपाध्यक्ष प्रदीप राज बबलू, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार, सुरेंद्र सिंह और रितेश कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार (वीरू), तरुण बागी, ज्योति सिंह, अनिल विश्वकर्मा, प्रिंस वर्मा, संजय नायक, गोपाल गिरी, बबन रावत, विक्रांत कुशवाहा, आशीष सिंह, नीरज सिन्हा, धर्मेंद्र यादव और सनी सिन्हा सहित जिले के कई अन्य मीडियाकर्मी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : कर्तव्य से बड़ा कोई धर्म नहीं… जब रिपोर्टिंग की होड़ भूल फरिश्ता बन गए दो पत्रकार


