अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को कद्दू-भात के साथ हो गई है। इसे देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के सभी 72 छठ घाटों को व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए तैयार कर लिया है। तैयारियों की जमीनी हकीकत देखने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुक्रवार को निगम की टीम के साथ पांच अलग-अलग क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने घाटों पर की गई साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर संतोष जताया और निगम के काम की सराहना की।
रांची नगर निगम ने 72 छठ घाटों पर पूरी की तैयारी, पांच घाटों में दिए खास निर्देश
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त सबसे पहले वार्ड 10 स्थित विवेकानंद पार्क छठ घाट पहुंचे। यहां पूजा समिति ने पानी की शुद्धता और निगम की व्यवस्थाओं को बेहतर बताया। नगर आयुक्त ने पानी को और साफ रखने के लिए अधिक मात्रा में फिटकरी डालने और घाट तक जाने वाले संपर्क पथ की विशेष सफाई करने को कहा। इसके बाद वे वार्ड 10 के ही भाभा नगर छठ घाट गए, जहां लगातार सफाई जारी रखने और रास्ते में खुली नालियों पर स्लैब लगाने का निर्देश दिया गया। वार्ड 28 के मधुकम तालाब में निरीक्षण के दौरान तालाब के कुछ हिस्सों में पेंटिंग कराने, फिटकरी डालने और पानी की स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। वहीं वार्ड 34 के हेहल तालाब में अतिरिक्त सफाई मित्रों को लगाकर पूरे परिसर की सफाई करने का आदेश दिया गया। अंतिम चरण में नगर आयुक्त वार्ड 35 के एलएन मिश्रा कॉलोनी तालाब पहुंचे, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और उन्होंने वहां दो हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
छठ घाटों पर लाइट, चेंजिंग रूम और सफाई को लेकर नगर आयुक्त की सख्ती
निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने शहर के सभी छठ घाटों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर घाट पर रोशनी के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए ताकि व्रतियों को कोई परेशानी न हो। महिलाओं की सुविधा के लिए बनाए गए अस्थाई चेंजिंग रूम को ऊपर से पूरी तरह ढकने को कहा गया है। इसके अलावा सभी घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा है कि किसी भी हाल में रास्तों पर कचरा डंप नहीं दिखना चाहिए और पूरे संपर्क मार्ग से कंकड़ व अन्य अवरोध हटा दिए जाएं, ताकि नंगे पांव चलने वाले व्रतियों को दिक्कत न हो।
हर व्रती को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल देने का लक्ष्य, शहरवासियों से सहयोग की अपील
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम की कोशिश है कि छठ महापर्व पर हर व्रती और श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में पूजा करने की सुविधा मिले। सभी 72 घाटों पर जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं और निगम की टीमें लगातार इनकी निगरानी कर रही हैं। उन्होंने छठ पूजा समितियों और शहर के लोगों से भी अपील की है कि वे घाटों की साफ-सफाई बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। इस निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता और नगर प्रबंधक समेत निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : इंस्टाग्राम वाले प्यार का दर्दनाक अंत, शादी के 9 महीने बाद फंदे से लटकी मिली विवाहिता


