अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Munger : मुंगेर के हवेली खड़गपुर में एक प्रेम कहानी का बेहद दुखद अंत हुआ है। बहिरा पंचायत के मानपुर गांव में 20 साल की नवविवाहिता शिवांगी कुमारी का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई यह दोस्ती प्यार में बदली थी और नौ महीने पहले ही दोनों ने शादी की थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती फिर परिवार की सहमति से रचाई थी शादी
बरियारपुर प्रखंड के झौआ बहियार निवासी अखिलेश मंडल की बेटी शिवांगी की जान-पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर मानपुर गांव के संदीप कुमार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों के परिवारों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और करीब नौ महीने पहले धूमधाम से उनकी शादी करा दी। शादी के बाद शिवांगी ससुराल में रह रही थी, जबकि उसके पति संदीप भागलपुर में एक टेंट हाउस में काम करते हैं।
बाजार से लौटे ससुर तो अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
मृतका के ससुर शंभु सिंह के अनुसार बुधवार को वह अपनी पत्नी के साथ धपड़ी बाजार गए थे। रास्ते में जाम लगे होने के कारण उन्हें घर लौटने में देर हो गई और वे शाम करीब छह बजे वापस आए। घर पहुंचने पर जब बहू शिवांगी दिखाई नहीं दी, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजे के छेद से झांककर देखा तो शिवांगी फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया। ससुर के मुताबिक उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। पहले उसे गांव के ही एक डॉक्टर को दिखाया गया और फिर खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुर ने आत्महत्या की वजह से अनजान होने की बात कही है।
मायके वालों ने सास और ननद पर लगाया हत्या का आरोप
दूसरी तरफ, इस घटना के बाद मृतका की मां कंचन देवी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना से करीब एक घंटे पहले ही उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस वक्त शिवांगी बिल्कुल सामान्य थी और काफी खुश लग रही थी, ऐसे में वह आत्महत्या नहीं कर सकती। मां ने सास और ननद पर अपनी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं ससुर शंभु सिंह ने मायके वालों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार शाम शामपुर थानेदार अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर से एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे की बारीकी से जांच कर जरूरी सबूत इकट्ठा किए हैं। थानेदार अभिषेक कुमार ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : मधुबनी में बोरे में बंद मिला अज्ञात शव, स्पॉट से मिला ASI का रिवॉल्वर और दस्तावेज


