अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची जिला छठ पूजा समिति की बैठक सोमवार को किशोर गंज स्थित एल.पी. पब्लिक स्कूल में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सूरजभान सिंह को समिति का नया अध्यक्ष चुना गया। आगामी दिनों में कार्यकारिणी का विस्तार कर अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। समिति ने इस वर्ष छठ महापर्व को भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक में शहर के विभिन्न छठ घाटों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने घाटों पर मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को समिति के समक्ष रखा। इस दौरान छठ घाटों पर पानी, सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और पूजा सामग्री की उपलब्धता जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
- सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई और जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
- घाटों तक जाने वाले रास्तों पर डस्टबिन और प्रकाश की सुविधा दी जाएगी।
- एनडीआरएफ टीम की तैनाती और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी।
- घाटों पर जेनरेटर, लाइट और चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
- व्रतियों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराने में समिति सहयोग करेगी।
- पर्व के दौरान शराब और मांस की दुकानों को बंद रखने की मांग की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि समिति सभी घाटों पर अपनी टीम के माध्यम से व्यवस्था और निगरानी करेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, रांची के निवर्तमान उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, समाजसेवी रमेश सिंह, निशांत यादव, श्याम किशोर सिंह, आदर्श सिंह, संदीप गुप्ता समेत कई घाट समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : जहां-तहां से बाइक टपाने और खपाने में माहिर 15 चोर पुलिस के शिकंजे में

