अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में बीते 7 नवंबर को एक युवती के साथ हुई छेड़खानी और मारपीट की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को पकड़ा है। तीनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रास्ता रोककर युवती से की थी मारपीट और छेड़खानी
यह पूरी घटना 7 नवंबर 2026 को रातू थाना इलाके के चटकपुर में हुई थी। उस दिन अज्ञात युवकों ने एक युवती का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की थी। इस घटना के बाद डरी सहमी पीड़िता ने 8 नवंबर को रातू थाने में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 74 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पीछा करते हुए वीडियो से मिला पुलिस को पहला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देश पर डीएसपी (मुख्यालय द्वितीय) अजय आयर्न की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसी दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा, जिसमें वारदात से ठीक पहले एक लड़का युवती का पीछा करता हुआ दिखाई दे रहा था। तकनीकी जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने उस नाबालिग की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में नाबालिग ने उगला दोनों दोस्तों का नाम
पुलिस ने जब पकड़े गए नाबालिग से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि इस वारदात में उसके दो अन्य दोस्त भी शामिल थे। नाबालिग की निशानदेही और मोबाइल लोकेशन जैसे तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर लोहरदगा के कुडू निवासी पंकज लोहरा (22 वर्ष) और चतरा के सदर थाना क्षेत्र निवासी अंशु राणा (19 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में पंकज रांची के पंडरा और अंशु रातू के नवासोसो में रह रहा था।
कई थानों की पुलिस टीम ने मिलकर की छापेमारी
आरोपियों को पकड़ने के लिए बनाई गई टीम में डीएसपी अजय आयर्न के साथ रातू थानेदार आदिकांत महतो, नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार राय, दलादली ओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार और खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार शामिल थे। इनके अलावा तकनीकी शाखा के गगन ठाकुर, आरक्षी देवेंद्र उरांव, विरेंद्र सिंह और रातू थाने के सब इंस्पेक्टर विनीत कुमार, संतोष यादव, महेश प्रसाद कुशवाहा, छोटू कुमार, विश्वेश्वर कुमार, नरेश यादव तथा एएसआई सुनील कुमार सिंह ने भी इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
इसे भी पढ़ें : महज एक सिगरेट के चलते टपका दिया जिगरी यार को, पुलिस ने दबोचा


