अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सुबह के वक्त गांव की पगडंडियों पर झोले में भारी-भरकम रजिस्टर दबाए निकलना और दिन भर की भागदौड़ के बाद रात में लालटेन या बल्ब की रोशनी में पन्ने पलटते हुए हिसाब लिखना, झारखंड की सहिया बहनों के लिए यह सालों से रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा रहा है। लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में आयोजित झारखंड स्थापना दिवस समारोह के दौरान NHM यानी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के स्टॉल पर इसी बदलाव की एक जीवंत झलक देखने को मिली। इस खास स्टॉल पर ‘सहिया ऐप’ का प्रदर्शन किया गया, जिसने वहां आने वाले आम लोगों से लेकर राज्य के शीर्ष नेतृत्व तक का ध्यान अपनी ओर खींचा।
एक क्लिक पर सिमटा आठ रजिस्टरों का बोझ
स्टॉल पर जब राज्य के सीएम हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पहुंचे, तो वहां मौजूद एक सहिया ने बड़े आत्मविश्वास के साथ इस ऐप के काम करने का तरीका समझाया। सहिया ने सीएम को बताया कि पहले उन्हें अपने हर छोटे-बड़े काम की रिपोर्ट और ग्रामीणों से जुड़े दस्तावेज आठ अलग-अलग रजिस्टरों में दर्ज करने पड़ते थे। इन रजिस्टरों को संभालना, हर महीने उनका मिलान करना और फिर प्रखंड कार्यालय तक जमा करना किसी चुनौती से कम नहीं था। कई बार कागजी उलझनों के कारण रिपोर्टिंग में देरी होती थी, जिसका सीधा असर उनके काम पर पड़ता था। लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और धनुष एजेंसी के संयुक्त प्रयास से तैयार इस ऐप ने उन आठ भारी रजिस्टरों की जगह अब एक छोटे से मोबाइल फोन को दे दी है। अब फील्ड में रहते हुए ही सारी जानकारी सीधे ऑनलाइन भरी जा रही है, जिससे समय की बड़ी बचत हो रही है।
काम के साथ ही तय होगा पारदर्शी भुगतान
इस पूरी व्यवस्था को नजदीक से देख रहे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और अन्य मंत्रियों ने भी इस पहल की बारीकियों को जाना। स्टॉल पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि सहिया ऐप केवल डेटा जमा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सहिया बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त और पारदर्शी व्यवस्था से जोड़ने का जरिया भी है। इस ऐप पर सहिया द्वारा किए जाने वाले हर काम का डिजिटल विवरण दर्ज होगा। इसी कार्य विवरणी के आधार पर उनके मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी सीधे ऑनलाइन प्रक्रिया से किया जाएगा। इससे भुगतान में होने वाली अनावश्यक देरी खत्म होगी और सहियाओं को अपने हक के पैसों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जमीनी स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार
तीन दिनों तक चले इस समारोह में खेलगांव का यह स्टॉल ग्रामीण स्वास्थ्य के आधुनिकीकरण का केंद्र बना रहा। सीएम हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सहियाओं के इस डिजिटल कदम की सराहना की। जमीनी स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से लेकर टीकाकरण और बीमारियों की रोकथाम तक की जिम्मेदारी निभाने वाली सहियाएं जब तकनीक से लैस होंगी, तो इसका सीधा लाभ गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचेगा। कागज और कलम की पुरानी व्यवस्था से निकलकर स्मार्टफोन के जरिए काम करने का यह सफर झारखंड की ग्रामीण स्वास्थ्य प्रणाली में एक नए दौर की शुरुआत है।
इसे भी पढ़ें : NHM ने झारखंड का हेल्थ सिस्टम किया स्मार्ट, पीठ थपथपा गये सीएम हेमंत








