अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नवंबर की ठंडी हवा के साथ मोरहाबादी मैदान में इन दिनों एक अलग ही हलचल है। सुबह से देर शाम तक मजदूरों की हथौड़ों की आवाज़, बिजली के तार बिछाते कर्मचारियों की भागदौड़ और मंच पर सजावट करते कलाकारों की रचनात्मकता, सब मिलकर बता रहे हैं कि झारखंड का सबसे बड़ा दिन आने वाला है। आगामी 15 और 16 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस का समारोह यहीं होना है। शुक्रवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री खुद मौके पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। धूप में खड़े होकर उन्होंने हर हिस्से का निरीक्षण किया। मंच से लेकर पेयजल, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक। उनके साथ खड़े अधिकारी भी बार-बार नोटबुक में बिंदु लिखते जा रहे थे ताकि कोई छोटी सी बात भी छूट न जाए।
मोरहाबादी का यह मैदान झारखंड के इतिहास का गवाह रहा है। यहीं हर साल राज्य बनने की खुशी पूरे गर्व के साथ मनाई जाती है। डीसी भजंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड की एकता और गर्व का प्रतीक है। इस बार ऐसा आयोजन हो कि हर झारखंडवासी को अपने राज्य पर नाज हो।
निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वरनाथ आलोक, सदर एसडीएम उत्कर्ष कुमार, पीडी आइटीडीए संजय भगत, सिटी एसपी पारस राणा, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, डीपीआरओ उर्वशी पांडेय और डीटीओ अखिलेश कुमार मौजूद थे।
कार्यक्रम की तैयारी में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी स्थल पर उपस्थित रहकर डीसी को अपनी प्रगति रिपोर्ट सौंपी। मंच की सजावट लगभग पूरी हो चुकी है, लाइटिंग का काम तेज़ी से चल रहा है, और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम लगातार रिहर्सल कर रही है।
इसे भी पढ़ें : रंगदारी की धमकी के बाद धमाका, फिर पुलिस ने शांत कर दी ‘गर्मी’

