अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह जिले में एसपी डॉ. विमल कुमार ने साफ कर दिया है कि काम में लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और कांडों के अनुसंधान की समीक्षा के दौरान तीन थानेदारों का काम संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एसपी ने तीनों अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जिन थानेदारों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, सरिया थाना प्रभारी पिक्कू कुमार और तीसरी थाना प्रभारी शम्भूनाथ ईश्वर शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
समीक्षा बैठक में सामने आई कमियां
जानकारी के अनुसार, एसपी डॉ. विमल कुमार ने जिले के सभी थानों के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान तीन थानों की कार्यप्रणाली अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। कई मामलों में अनुसंधान की रफ्तार धीमी पाई गई, जबकि लंबित मामलों के निष्पादन में भी संतोषजनक प्रगति नहीं दिखी। इसी के आधार पर संबंधित थाना प्रभारियों से जवाब मांगा गया है।
तय समय में देना होगा स्पष्टीकरण
एसपी ने तीनों थानेदारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता नहीं है। एसपी पूरे मामले पर गंभीर हैं और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
समीक्षा बैठक में एसपी ने सभी थानेदारों को लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार्य नहीं है। हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए और अनुसंधान समय पर पूरा किया जाना चाहिए। इसके अलावा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट के निष्पादन और अपराध नियंत्रण के लिए भी विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
इसे भी पढ़ें : छात्रवृत्ति में देरी बर्दाश्त नहीं, दिसंबर से पहले करें भुगतान : मंत्री चमरा लिंडा

