अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Firozabad : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और एसओजी टीम ने एनकाउंटर के दौरान लूट की घटना में शामिल 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फाइनेंस कर्मियों से हुई थी लूट
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 22 अप्रैल को ग्रामीण कोटा फाइनेंस के दो कर्मचारी अरमान और अरविंद सिंह टूंडला स्थित वैशालीपुरम कॉलोनी कार्यालय से पैसे लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
फाइनेंस कर्मी ही निकला साजिशकर्ता
जांच के दौरान पुलिस को शक फाइनेंस कर्मी अरविंद सिंह पर हुआ। हिरासत में लेकर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। अरविंद ने बताया कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पूरी लूट की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी। एसएसपी ने कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पैसे के बंटवारे की सूचना पर पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गुरुवार देर रात गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लूट के वांछित आरोपी कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा पुराना बाईपास रोड, हमीरपुर बंबा के रास्ते पर लूट के पैसों के बंटवारे के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस पर फायरिंग, जवाब में चली गोली
पुलिस ने जब दोनों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाशों की पहचान कुलदीप पुत्र सतवीर सिंह और निखिल उर्फ कान्हा उर्फ गुलडोरी पुत्र सूरजभान, निवासी रिठोरी थाना कागारौल, जनपद आगरा के रूप में हुई।
तमंचे, कारतूस और लूट के रुपये बरामद
पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए 95 हजार 880 रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अस्पताल में भर्ती, आगे की कार्रवाई जारी
घायल दोनों आरोपियों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
इसे भी पढ़ें : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड का म’र्डर, CCTV में नकाबपोश कैद… देखें वीडियो



