अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने युवाओं के लिए सुनहरा अवसर दिया है। आयोग ने स्टेनोग्राफर और स्टेनो टाइपिस्ट ग्रेड-III के 432 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इच्छुक उम्मीदवार 25 सितंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2025 तय की गई है।
योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) पास या समकक्ष योग्यता होना जरूरी है। साथ ही हिन्दी और अंग्रेजी शॉर्टहैंड, टाइपिंग और कंप्यूटर ज्ञान आवश्यक है। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 37 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
परीक्षा पैटर्न
लिखित परीक्षा वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय प्रकार की होगी। कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे, प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक और गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा अवधि 2 घंटे 15 मिनट रहेगी। अगर आवेदन संख्या 40 हजार से अधिक होती है तो प्रारंभिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
मेरिट और स्किल टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को रिक्तियों की संख्या के पांच गुना तक स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अगर दो उम्मीदवारों के अंक समान होंगे तो उम्र के आधार पर वरीयता दी जाएगी। न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स सामान्य वर्ग के लिए 40%, पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5%, OBC के लिए 34% और SC/ST, महिला एवं दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 32% तय किए गए हैं।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार इसे ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को bssc.bihar.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, फॉर्म भरना होगा और शुल्क जमा करने के बाद प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
इसे भी पढ़ें : थाना में सबकुछ किया था तहस-नहस, दो महिला सहित आठ पुलिस के शिकंजे में

