अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मिली अधजली लाश मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस कांड में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स का नाम राहुल राय बताया गया। वह जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर हटिया का रहने वाला है। वह मृतक का दोस्त भी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खून लगा पत्थर, बाइक और घटना के वक्त पहने हुए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिया है। इस बात का खुलासा आज यानी रविवार को रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बीते शनिवार को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टोनको स्थित खदान तालाब के पास अधजली लाश मिली थी। लाश मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी थी। सूचना पुलिस को दी गयी। मिली सूचना पर पुलिस एवं FSL की टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गयी। लाश की शिनाख्त पटेल नगर हटिया के रहने वाले प्रशांत कुमार के तौर पर की गयी थी। मृतक के भाई प्रवीण कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या 40/25 दर्ज की गई। कांड का खुलासा करने के लिए हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा की देखरेख में टीम गठित की गयी। गठित टीम ने तफ्तीश शुरू की। टेक्निकल सेल की भी मदद ली गयी। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक प्रशांत कुमार के दोस्त राहुल राय को उठा लिया। पहले तो राहुल पुलिस को इधर-उधर घुमाता रहा, पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को दिये अपने बयान में उसने बताया कि शनिवार को वह और प्रशांत खदान तालाब के पास बैठे थे। वहां बैठकर दोनों ने पहले दारू पी। जब प्रशांत को नशा चढ़ गया तो पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं, सबूत मिटाने के लिहाज से लाश को माचिस मार दी और भाग गया। उसने प्रशांत को इतनी खौफनाक मौत क्यों दी… इस सवाल का जवाब जब उसने दिया तो पुलिस भी चौंक गयी। उसने बताया कि प्रशांत और राहुल का भाई आपस में दोस्त थे। साल 2019 में राहुल के भाई की मौत हो गयी थी। उसकी बॉडी धुर्वा डैम में मिली थी। राहुल को शक था कि प्रशांत ने ही उसके भाई को मार कर डेड बॉडी धुर्वा डैम में फेंक दिया है। यह शक उसके मन में घर कर गया था। भाई की मौत का बदला लेने के मकसद से राहुल राय ने प्रशांत कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। सिटी एसपी पारस राणा क्या बता गये… देखें
रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मिली अधजली लाश का खुलासा, एक गिरफ्तार
भाई की मौत के शक में दोस्त को दे दी भयानक मौत, राज खोल गये सिटी SP पारस राणा… देखें pic.twitter.com/EkozLavwb0— News Samvad (@newssamvaad) September 21, 2025
इस कांड का खुलासा करने में हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा, डोरंडा थानेदार इंस्पेक्टर दीपिका प्रसाद, जगरनाथपुर थानेदार इंस्पेक्टर दिग्गविजय सिंह, एयरपोर्ट थाना प्रभारी कश्यप गौतम, एसआई रूपेश कुमार और सतवीर सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

