अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 की परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं। इस बार परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहला सेशन 21 जनवरी से 30 जनवरी 2026 के बीच और दूसरा सेशन 1 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 के बीच होगा।

पहले सेशन के लिए अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
पहले सेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। उम्मीदवार jeemain.nta.ac.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
दूसरे सेशन के लिए आवेदन की विंडो जनवरी 2026 के आखिरी सप्ताह में खुलेगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स पहले से तैयार रखें।
एग्जाम सेंटर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी
NTA के अनुसार, इस बार अभ्यर्थियों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है। इसलिए उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देशभर के विभिन्न शहरों में एग्जाम सेंटर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिकतर छात्रों को उनके घर के नजदीक परीक्षा केंद्र मिल सके।
साथ ही, दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
फॉर्म रिजेक्ट होने से बचें, सर्टिफिकेट करें अपडेट
NTA ने पहले ही 29 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी कर उम्मीदवारों को अपने दस्तावेज़ अपडेट करने की सलाह दी थी।
जिन तीन सर्टिफिकेट्स को अपडेट करना जरूरी बताया गया है, वे हैं —
आधार कार्ड
UDID कार्ड (दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए)
कैटेगरी सर्टिफिकेट
उम्मीदवार यह सुनिश्चित करें कि आधार कार्ड पर नाम, जन्मतिथि, पता और फोटो सही हो तथा जन्मतिथि 10वीं मार्कशीट से मेल खाती हो।
रिजर्व कैटेगरी और दिव्यांग उम्मीदवारों को अपने सर्टिफिकेट वैलिड और अपडेटेड रखने की सलाह दी गई है।
पिछले साल 11 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा
JEE Main 2025 के पहले सेशन में कुल 12.31 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया, जिनमें से 11.70 लाख छात्रों ने परीक्षा दी। यह उपस्थिति दर 95.8% रही, जो अब तक की सबसे अधिक में से एक थी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में 23,175 पदों पर Vacancy, इंटर पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका

