अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : धर्म नगरी काशी की धरती शनिवार को एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक मिलन की साक्षी बनी। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने वाराणसी में काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का विधिवत शुभारंभ किया। इस भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। 28 नवंबर से शुरू हुआ यह सांस्कृतिक महाकुंभ 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा। उद्घाटन से पहले उपराष्ट्रपति और सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल श्री काल भैरव मंदिर में जाकर विधिवत दर्शन और पूजन किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर दोनों नेताओं ने वहां लगाई गई प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। इस मौके पर केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान की ओर से महान संत तिरुवल्लुवर के कालजयी ग्रंथ तिरुक्कुरल के सभी 1,330 दोहों के अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन भी किया गया।
प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से बना महान राष्ट्रीय आंदोलन
समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से शुरू हुआ काशी तमिल संगमम् आज एक महान राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु का रिश्ता बेहद प्राचीन और आत्मीय है। हर तमिल भाषी व्यक्ति के मन में जीवन में एक बार काशी विश्वनाथ के दर्शन करने और काशी यात्रा की विशेष इच्छा रहती है। उपराष्ट्रपति ने सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज काशी का स्वरूप बेहद सुंदर और व्यवस्थित हो गया है।

यूपी बना तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, सीएम योगी की कामराज से तुलना
उपराष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य का अभूतपूर्व विकास हुआ है। जो उत्तर प्रदेश कभी पतन की स्थिति में था, आज वह विकास के शिखर की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी आज देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह राज्य तय समय से पहले एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल कर लेगा। उपराष्ट्रपति ने सीएम योगी के कामकाज की तुलना तमिलनाडु के दिग्गज नेता रहे के. कामराज से करते हुए कहा कि जिस प्रकार तमिलनाडु के विकास में कामराज का स्थान रहा है, ठीक उसी प्रकार आज उत्तर प्रदेश के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ ही रामराज्य की भावना को भी धरातल पर साकार किया गया है।
भाषाएं अनेक, लेकिन भाव और संस्कृति एक : सीएम योगी
कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी तमिल संगमम् का आयोजन भारत की सनातन परंपरा का एक बड़ा उत्सव बन गया है। यहां भाषाएं भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन सबके भाव एक हैं। परंपराएं विविध हो सकती हैं, लेकिन हमारी संस्कृति एक है और यही प्रधानमंत्री के एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान का मुख्य लक्ष्य है। सीएम ने बताया कि इस बार पांचवें संस्करण की थीम तिरुक्कुरल पयिल्वोम यानी तिरुक्कुरल का अभ्यास करें रखी गई है। पिछली बार तमिल करकलम के जरिए उत्तर भारत के लोगों को तमिल भाषा सीखने का मौका मिला था, वहीं इस बार लोग तमिल की प्राचीन ज्ञान परंपरा और उसके जीवन मूल्यों से सीधा जुड़ सकेंगे। सीएम ने याद दिलाया कि 2022 में यह आयोजन एक प्रयोग के तौर पर शुरू हुआ था, जिसमें सैकड़ों लोग आते थे, लेकिन आज यह एक जन आंदोलन बन चुका है और हजारों विद्यार्थी, शिक्षक तथा शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है जो दिलों को आपस में जोड़ते हैं। काशी में मां गंगा बहती हैं और तमिलनाडु में कावेरी, लेकिन दोनों के तटों पर बहने वाली संस्कारों की धारा एक ही है।

संत तिरुवल्लुवर का दर्शन और गीता का संदेश एक समान
सीएम योगी ने संत तिरुवल्लुवर के साहित्य की गहराई पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके छंद पूरी मानवता के जीवन दर्शन को सामने रखते हैं। तिरुक्कुरल के तीन प्रमुख खंड अरम, पोरुल और इनबम यानी धर्म, अर्थ और काम भारत की सनातन परंपरा के मूल आधार हैं। इस ग्रंथ का पहला ही सूत्र अक्षरमाला के पहले अक्षर अ के माध्यम से सृष्टि के आदि स्रोत की ओर इशारा करता है, जो हमारे उपनिषदों और श्रीमद्भगवद्गीता के चिंतन से मेल खाता है। सीएम ने कहा कि तिरुवल्लुवर का मानना है कि जन्म से सभी मनुष्य समान हैं और भेद केवल कर्म के आधार पर होता है। यही बात भारतीय शास्त्रों और गीता में भी कही गई है, जिसे आगे चलकर देश के महान समाज सुधारकों ने भी अपने जीवन में उतारा।
1000 शिक्षण संस्थानों के छात्र और तमिलनाडु के 1400 अतिथि लेंगे हिस्सा
इस वर्ष के आयोजनों की रूपरेखा बताते हुए सीएम योगी ने जानकारी दी कि देश के करीब 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर एक राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत हर संस्थान से एक-एक छात्र तिरुक्कुरल पर अध्ययन, शोध और अपनी शैक्षणिक प्रस्तुति देगा। इसके अलावा तमिलनाडु से करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में आकर बच्चों को तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के तहत तमिलनाडु से लगभग 1400 अतिथि काशी आ रहे हैं। ये सभी अतिथि काशी के साथ-साथ प्रयागराज और अयोध्या का भी भ्रमण करेंगे, जिससे उन्हें एक ही यात्रा में आस्था, इतिहास और आधुनिक भारत के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने ऐतिहासिक रिश्ते
सीएम योगी ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को विस्तार से बताते हुए कहा कि तमिलनाडु का तेनकाशी यानी दक्षिण की काशी इस आत्मीय रिश्ते का जीता-जागता सबूत है। 15वीं शताब्दी में पांड्य राजा आदि पराक्रम पांड्य ने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर बनवाकर दक्षिण में काशी की आध्यात्मिक चेतना को स्थापित किया था। तमिल व्याकरण के पहले ग्रंथ अगतयम की रचना करने वाले महर्षि अगस्त्य की तपस्या की यादें आज भी काशी के अगस्त्य कुंड में मौजूद हैं। उन्होंने ही लंका युद्ध से पहले प्रभु श्रीराम को आदित्य हृदय स्तोत्र सुनाया था। सीएम ने आदि शंकराचार्य द्वारा चारों दिशाओं में पीठों की स्थापना, जगद्गुरु रामानुजाचार्य की भक्ति धारा और 17वीं शताब्दी के संत कुमारगुरुपरर द्वारा केदार घाट पर श्री कुमारस्वामी मठ की स्थापना का भी जिक्र किया। उन्होंने महाकवि सुब्रमण्य भारती के काशी प्रवास और नट्टूकोट्टई चेट्टियार समाज की 200 साल पुरानी परंपरा को भी याद किया, जो प्रयागराज के संगम का जल रामेश्वरम ले जाते हैं और वहां के कोटि तीर्थ के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करते हैं। आज भी काशी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट को मिनी तमिलनाडु कहा जाता है। नई संसद में तमिल संतों के मार्गदर्शन में स्थापित पवित्र सेंगोल भी इसी गौरवशाली तमिल परंपरा का प्रतीक है।

काशी विश्वनाथ धाम में 26 करोड़ श्रद्धालु आए, 1.5 लाख करोड़ का कारोबार
सीएम योगी ने कहा कि इतिहास से भी पुरानी नगरी काशी में तथागत बुद्ध ने सारनाथ में पहला उपदेश दिया, भगवान पार्श्वनाथ का जन्म हुआ और कबीर, रविदास व तुलसीदास जैसे संतों ने समाज को दिशा दी। आजादी के बाद लंबे समय तक यह नगरी उपेक्षित रही, जहां आस्था तो थी पर व्यवस्था नहीं थी। लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम भव्य रूप में दुनिया के सामने है। धाम के लोकार्पण के बाद बीते चार वर्षों में 26 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु बाबा के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं और खुशी की बात यह है कि इनमें से करीब 70 प्रतिशत श्रद्धालु दक्षिण भारत से आए हैं। श्रद्धालुओं की इस भारी संख्या ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दी है, जिससे 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है और नाविक, पुजारी, दुकानदार व होटल कर्मियों की आजीविका मजबूत हुई है।
चार स्तंभों पर तैयार हो रहा काशी का वैश्विक केंद्र
काशी के आधुनिक विकास का खाका खींचते हुए सीएम ने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का विस्तार, रिंग रोड, फ्लाईओवर, वॉटर-वे, नमो घाट, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर शहर की नई पहचान बन गए हैं। इसी साल जुलाई में केंद्र सरकार ने 25,000 करोड़ रुपये की लागत से दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिससे शहर में सफर का समय आधे से भी कम रह जाएगा, वहीं देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना भी जल्द यातायात को सुगम बनाएगी। सीएम ने बताया कि काशी को चार प्रमुख स्तंभों के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पहला स्तंभ ज्ञान है, जिसमें बीएचयू और आईआईटी मद्रास मिलकर काम कर रहे हैं। दूसरा स्तंभ अध्यात्म है, जहां काशी, प्रयागराज और अयोध्या मिलकर दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक सर्किट बना रहे हैं। तीसरा स्तंभ कनेक्टिविटी है, जिसमें एयर, रोड, रेल, रोपवे और जलमार्ग शामिल हैं। चौथा स्तंभ अर्थव्यवस्था है, जो विरासत और आधुनिक सुविधाओं के मेल से काशी को पर्यटन और व्यापार का बड़ा केंद्र बनाएगा।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का प्रमाण है यह आयोजन : प्रहलाद जोशी
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर शुरू हुआ काशी तमिल संगमम् आज एक बड़ी सांस्कृतिक और शैक्षणिक पहल बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद अंग्रेजी शासन से बहुत पहले से मौजूद रहा है और काशी व रामेश्वरम के संबंध तथा चार धामों की परंपरा इसका प्रमाण हैं। पिछले 12 वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। इस भव्य समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा और भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी का विपक्ष पर सीधा वार, बोले- 30 लाख नौकरियां कहां से देंगे अखिलेश








