अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के ऊर्जा स्टेडियम में शनिवार की शाम क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर था। मौका था सारण क्रिकेट लीग 2026 के ग्रैंड फिनाले का, जहां मैदान पर चौकों और छक्कों की बरसात के बीच बिहार के खेल भविष्य की एक नई तस्वीर भी खींची गई। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी ने न केवल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, बल्कि राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे को बदलने वाले कई बड़े ऐलान भी किए। स्टेडियम में मौजूद हजारों खेल प्रेमियों के लिए यह शाम दोहरी खुशी लेकर आई, क्योंकि एक तरफ फाइनल मुकाबले का रोमांच था तो दूसरी तरफ खेल सुविधाओं के विस्तार की सौगात।

ऊर्जा स्टेडियम में बनेगी 10 हजार दर्शकों की नई गैलरी
मैच के दौरान दर्शकों के उत्साह को देखते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने ऊर्जा स्टेडियम के कायाकल्प की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां 10 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता वाली एक नई और आधुनिक गैलरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में यहां बड़े स्तर के मैच आसानी से आयोजित हो सकें। सीएम ने इस बात पर खुशी जताई कि आज बिहार के कई होनहार खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेल रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

अमित शाह करेंगे मोइनुल हक स्टेडियम का शिलान्यास
पटना के ऐतिहासिक मोइनुल हक स्टेडियम को लेकर लंबे समय से चल रहे इंतजार पर भी सीएम ने विराम लगाया। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम को नए सिरे से एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित करने की पूरी योजना तैयार है। अगले महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं और उन्हीं के हाथों इस नए अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का शिलान्यास कराया जाएगा। इसके अलावा राज्य के करीब 20 अलग अलग स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इन कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट के साथ साथ हॉकी और बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए भी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मेडल लाओ नौकरी पाओ से संवर रहा खिलाड़ियों का भविष्य
सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और खेल के क्षेत्र में भी राज्य के युवा अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। सरकार ने खिलाड़ियों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना लागू की है। इसी के तहत गोपालगंज के मुकेश कुमार और सासाराम के आकाशदीप को सीधे डीएसपी के पद पर नियुक्ति दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि युवाओं में खेल के प्रति रुचि जगाने के लिए दिसंबर महीने से चार माह का विशेष खेल कैलेंडर तैयार कर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जिलों में चल रहे मशाल अभियान के जरिए गांव और कस्बों की छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाया जा रहा है।
गरखा राइडर्स ने जीता सारण क्रिकेट लीग का खिताब
मैदान पर एकमा चैलेंजर्स और गरखा राइडर्स के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सीएम ने खुद बैठकर इस खिताबी भिड़ंत का सीधा प्रसारण देखा और हर अच्छे शॉट पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कड़े संघर्ष के बाद गरखा राइडर्स ने बाजी मारी और सारण क्रिकेट लीग 2026 की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। समापन समारोह में सीएम ने विजेता गरखा राइडर्स और उपविजेता एकमा चैलेंजर्स की टीम को ट्रॉफी प्रदान की। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की सराहना
सीएम ने इस सफल टूर्नामेंट की पहल करने वाले सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी और आयोजक अरविंद कुमार समेत पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलता है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए दिन रात काम कर रहे हैं और पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने विकसित बिहार का जो सपना देखा था, उसे हम सभी मिलकर पूरा कर रहे हैं। इस यादगार शाम में सांसद राजीव प्रताप रूडी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव कुंदन कुमार, सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव, खिलाड़ी वासन, अभिनेता क्रांति प्रकाश और रैपर स्लोका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट की दो टूक- जनता के काम में ढिलाई नहीं, IG-DIG करेंगे फरार अपराधियों की मॉनिटरिंग








