अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Fatehpur (UP) : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती देर रात पुलिस और एक लाख के इनामी गैंगरेप आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी बबलू सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ थाना खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
कई थानों की टीम ने मिलकर चलाया ऑपरेशन
इस कार्रवाई में थाना खागा, हथगांव, थरियांव और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी आरोपी इलाके के जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हुई और जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
गैंगरेप मामले में था फरार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू सिंह पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी गैंगरेप के एक मामले में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक की ओर से उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई टीमों को लगाया गया था।
आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 1600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ थाना खागा में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
अस्पताल में इलाज, आगे की कार्रवाई जारी
घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं खागा थाना पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में 39 टीमों ने 119 ठिकानों पर मा’रा छापा, फिर…

