अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया है। इस बार कहानी में अक्षय कुमार और अरशद वारसी, दोनों अपने-अपने ‘जॉली’ अवतार में नजर आएंगे। कोर्टरूम में इनकी भिड़ंत और भी मजेदार होने वाली है। इनके साथ सौरभ शुक्ला भी जज सुंदरलाल त्रिपाठी के किरदार में वापसी कर रहे हैं, जिनकी कॉमिक टाइमिंग पहले भी दर्शकों को खूब पसंद आई थी।
करीब डेढ़ मिनट के इस टीजर में कॉमेडी और कोर्टरूम ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलता है। शुरुआत में जज सुंदरलाल, अरशद वारसी से पूछते हैं कि उनका गुस्सा कम हुआ या नहीं, जिस पर वे जवाब देते हैं – “मैं बदल गया हूं, माय लॉर्ड!” तभी अक्षय कुमार की एंट्री होती है और वे कहते हैं कि असली जॉली तो वही हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोर्ट में तकरार शुरू हो जाती है, जिससे परेशान होकर जज कहते हैं – “हे भगवान, ये दोनों जॉली मेरी जिंदगी बर्बाद करने आए हैं!” यह डायलॉग माहौल में जोरदार हंसी भर देता है।
फिल्म की कहानी में इस बार कानूनी दांवपेंच के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों को भी गंभीर अंदाज में पेश किया जाएगा। अक्षय और अरशद के साथ हुमा कुरैशी (पुष्पा पांडे मिश्रा) और अमृता राव (संध्या त्यागी) भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौट रही हैं। फिल्म का निर्देशन और लेखन सुभाष कपूर ने किया है।
‘जॉली एलएलबी’ का पहला पार्ट 2013 में आया था, जिसमें अरशद वारसी लीड में थे। 2017 में आए दूसरे पार्ट में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में थे। इस बार तीसरे पार्ट में दोनों एक ही कोर्टरूम में आमने-सामने होंगे, जिससे दर्शकों को डबल मनोरंजन मिलने की उम्मीद है। ‘जॉली एलएलबी 3’ का निर्माण स्टार स्टूडियोज, कंगड़ा टॉकीज और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर किया है। यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इसे भी पढ़ें : CM का हवाई सर्वेक्षण रद्द, अचानक की हाई लेवल मीटिंग… जानें क्यों



