अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Hazaribagh : झारखंड में लगातार हो रही हत्याओं और पुलिस की संदिग्ध कार्यशैली पर आजसू पार्टी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता संजय मेहता ने प्रेस वार्ता कर कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारियों से भटक चुकी है। उन्होंने साफ कहा कि “पुलिस न्यायालय नहीं है, उसका काम अनुसंधान करना है, सजा देना नहीं।”
सूर्या हांसदा मामले पर मानवाधिकार आयोग की एंट्री
सूर्या हांसदा की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, दिल्ली के पास उठाया है। आयोग ने 27 अगस्त 2025 को केस संख्या 1031/34/9/2025 के तहत जांच शुरू कर दी है। संजय मेहता ने कहा कि सूर्या हांसदा चार बार चुनाव लड़ चुके थे और मुख्यधारा की राजनीति से जुड़े थे। उनकी मौत लोकतंत्र और मानवाधिकारों पर हमला है।
हाल की हत्याओं का सिलसिला
संजय मेहता ने कहा कि हजारीबाग़ और आसपास का इलाका अपराध का गढ़ बन गया है। उन्होंने हाल की घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि हर महीने संगठित तरीके से हत्या हो रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
- 29 अक्तूबर 2024 – मंजीत यादव की हत्या
- 29 नवम्बर 2024 – प्रकाश ठाकुर की हत्या
- 2 दिसम्बर 2024 – उदय साव की हत्या
- 5 दिसम्बर 2024 – दीपक सिंह की हत्या
- 8 जनवरी 2025 – कारोबारी संतोष सिंह की हत्या
- 7 मार्च 2025 – कोयला ट्रांसपोर्टर विपिन मिश्रा पर हमला
- 8 मार्च 2025 – एनटीपीसी डीजीएम कुमार गौरव की हत्या
इसके अलावा सुभाष मुंडा और अनिल टाइगर जैसे सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या ने भी बड़े सवाल खड़े किए हैं।
“फर्जी एनकाउंटर कर पुलिस अपनी ‘रॉबिनहुड’ छवि बनाने की कोशिश कर रही”
आजसू नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस और माफियाओं का गठजोड़ अपराध को बढ़ावा दे रहा है। फर्जी एनकाउंटर कर पुलिस अपनी ‘रॉबिनहुड’ छवि बनाने की कोशिश कर रही है। साथ ही, आदिवासियों पर झूठे केस कर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
सीबीआई जांच की मांग
आजसू पार्टी ने सूर्या हांसदा हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। संजय मेहता ने कहा कि अब झारखंड की पुलिसिंग पर व्यापक बहस की जरूरत है।
“सच की लड़ाई लड़ेगी आजसू पार्टी”
पार्टी ने ऐलान किया कि वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और न्याय की लड़ाई को अंजाम तक ले जाएगी। संजय मेहता ने कहा, “हम सच की लड़ाई लड़ेंगे और जनता के हक़ की आवाज़ हर हाल में उठाएंगे।”
इसे भी पढ़ें : DSP की टीम ने बढ़ाई दबिश, कुरकुरे म’र्डर केस के एक और आरोपी ने किया सरेंडर

