अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Purnia : बिहार के पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की समयसीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। पहले इसे 30 अगस्त तक पूरा करना था, लेकिन अब यह काम 5 सितंबर तक पूरा किया जाएगा। शुक्रवार को नवनिर्मित टर्मिनल बिल्डिंग में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों पर नाराजगी भी जताई और समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
PM मोदी 15 सितंबर को करेंगे उद्घाटन
मिली जानकारी के अनुसार PM मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट से फ्लाइट सेवा की शुरुआत करेंगे। इससे पूर्वोत्तर बिहार के लोगों की लंबे समय से चली आ रही हवाई सेवा की मांग पूरी हो जाएगी।
सभी विभागों को साथ मिलकर काम करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम ने कहा कि पूर्णिया वासियों की उम्मीदों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने सभी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया ताकि 5 सितंबर तक विमान संचालन की प्रक्रिया शुरू की जा सके। साथ ही विमानन कंपनियों से एमओयू और जरूरी जमीन हैंडओवर का काम भी तुरंत पूरा करने को कहा गया।
एयरपोर्ट पर लगेंगे कैट-2 लाइट्स
बैठक में AAI के अधिकारियों ने बताया कि सर्दियों में कोहरे के कारण उड़ानों में रुकावट न हो, इसके लिए रनवे पर कैट-2 लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए 16 एकड़ अतिरिक्त जमीन की जरूरत है।
किन शहरों के लिए उड़ान :
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि पूर्णिया से पटना, दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी के लिए उड़ानों की शुरुआत की जा सकती है। टिकट बुकिंग की प्रक्रिया दो दिनों में शुरू हो जाएगी।
स्थानीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
पूर्णिया एयरपोर्ट के चालू होने से सीमांचल क्षेत्र को राजधानी और अन्य बड़े शहरों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे न केवल व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह एयरपोर्ट पूर्वोत्तर भारत और नेपाल सीमा से लगे इलाकों के लिए एक हब की तरह भी काम करेगा।
बैठक में शामिल हुए कई बड़े अधिकारी
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, आईजी विनय कुमार, पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, डीएम अंशुल कुमार, एसपी स्वीटी सहरावत समेत AAI के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : “पुलिस न्यायालय नहीं” – संजय मेहता का झारखंड पुलिस पर सीधा हमला

