अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jammu and Kashmir : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शनिवार तड़के आसमान से आई आफ़त ने कहर बरपा दिया। राजगढ़ क्षेत्र के एक गांव में तेज बारिश के बीच बादल फटने से भारी तबाही हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अब भी लापता हैं।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में अचानक बाढ़ आ गई। पानी का तेज़ बहाव कई घरों और ढांचों को बहा ले गया। जैसे ही खबर प्रशासन तक पहुंची, राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। फिलहाल, लापता लोगों की तलाश और प्रभावितों को राहत पहुंचाने का काम तेज़ी से जारी है।
रामबन की यह घटना एक ऐसे समय में सामने आई है जब जम्मू-कश्मीर पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। कुछ दिन पहले, 26 अगस्त को रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर के पास भूस्खलन में 35 श्रद्धालु मारे गए थे और 12 लोग घायल हुए थे। उसी दिन डोडा जिले में भी अचानक आई बाढ़ में चार जानें गई थीं।
इसके अलावा 14 अगस्त को किश्तवाड़ के चिसोती गांव में मचैल माता यात्रा के रास्ते में बादल फटने से 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, और कई अब भी लापता हैं।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और इसके चलते बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं जम्मू-कश्मीर सहित पूरे उत्तर भारत में चिंता का कारण बन गई हैं। जान-माल का नुकसान लगातार बढ़ रहा है और मौसम की अनिश्चितता ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी की गई है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें और जरूरी सावधानियां बरतें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है।

