अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : दुबई में रविवार को एशिया कप 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में जीत से आगाज़ किया है और अब यह मैच उनके लिए सुपर-4 में पहुंचने का रास्ता आसान बना सकता है।
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लेकर है। यूएई के खिलाफ भारत ने उन्हें मौका नहीं दिया था। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव अर्शदीप को शामिल करते हैं या नहीं।
भारत के लिए शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन और शिवम दुबे अहम भूमिका निभाएंगे। ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल टीम का संतुलन बनाएंगे। गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के कंधों पर होगी।
वहीं पाकिस्तान की बात करें तो उनकी बल्लेबाजी की रीढ़ सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस, फखर जमान और कप्तान सलमान आगा होंगे। गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद का अनुभव टीम के लिए अहम रहेगा।
भारत ने एशिया कप का खिताब अब तक 8 बार अपने नाम किया है जबकि पाकिस्तान ने 2 बार ट्रॉफी जीती है। दुबई की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है, ऐसे में दोनों टीमों के स्पिनर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मैच सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा जश्न है। जब भारत-पाकिस्तान मैदान पर भिड़ते हैं तो रोमांच अपनी चरम सीमा पर होता है। अब देखना है कि रविवार को कौन सी टीम जीत की कहानी लिखती है।
इसे भी पढ़ें : खूंखार ‘आयरन लेडी’ का सरेंडर, उसके हुक्म पर तय होते थे जिंदगी और मौ’त के फासले

