अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर दोनों टीमें बुधवार को रांची पहुंच गईं। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक मौजूद रहे। टीमों के रांची पहुंचते ही शहर में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह गरमा गया। एयरपोर्ट से खिलाड़ियों को सीधे रेडिसन ब्लू होटल ले जाया गया, जहां दोनों टीमें अब अगले मुकाबले की तैयारियों में जुटेंगी।
एयरपोर्ट से होटल तक खिलाड़ियों की एक झलक के लिए उमड़े प्रशंसक
भारतीय टीम के खिलाड़ियों को देखने के लिए रांची एयरपोर्ट पर फैंस काफी उत्साहित नजर आए। अपने पसंदीदा क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए लोग काफी देर तक इंतजार करते रहे। खासकर श्रेयस अय्यर, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को देखने को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह दिखा। जैसे ही खिलाड़ियों के पहुंचने की खबर मिली, एयरपोर्ट के आसपास क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ बढ़ने लगी। टीम के होटल पहुंचने के बाद भी प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ। रेडिसन ब्लू होटल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का इंतजार करते दिखे। हर किसी की कोशिश थी कि खिलाड़ियों की एक झलक मिल जाए। खिलाड़ियों के होटल पहुंचते ही वहां मौजूद फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। रांची में क्रिकेट मैच को लेकर ऐसा उत्साह एक बार फिर शहर के माहौल में साफ नजर आया।
8 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास करेंगी दोनों टीमें
दूसरे टी-20 मुकाबले से एक दिन पहले 8 अक्टूबर को दोनों टीमें जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। सबसे पहले भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तैयारियों पर नजर रहेगी। साथ ही दोनों कप्तान रांची की परिस्थितियों को समझने और मुकाबले की रणनीति को अंतिम रूप देने की कोशिश करेंगे।
9 अक्टूबर की शाम 7 बजे दोनों टीमें दूसरे टी-20 मुकाबले में आमने-सामने होंगी। रांची का मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। भारत की नजर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर होगी। वहीं वेस्टइंडीज की टीम पहला मुकाबला गंवाने के बाद वापसी करते हुए सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी।
पहले मैच में भारत ने 8 विकेट से दर्ज की थी शानदार जीत
सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 171 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। शेरफेन रदरफोर्ड ने 34 गेंदों पर 56 रन और शाई होप ने 52 रन की पारी खेली। भारत की ओर से नमन धीर ने तीन विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को दो-दो सफलता मिली। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 14.4 ओवर में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। इस बेहतरीन पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इशान किशन भी 37 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहले टी-20 में भारत की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह शामिल थे। वेस्टइंडीज की टीम में शाई होप, कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, रोस्टन चेज, अकील होसेन, शामर स्प्रिंगर और शामर जोसेफ मैदान पर उतरे थे। अब रांची में होने वाले दूसरे टी-20 पर सभी की नजरें हैं। भारत जहां जीत के साथ सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगा, वहीं वेस्टइंडीज के सामने वापसी की चुनौती होगी। रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला खास होने वाला है, क्योंकि मैदान पर दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों का रोमांच देखने को मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : CJI, राजपाल यादव और शेक्सपियर का कनेक्शन: सुप्रीम कोर्ट की यह सुनवाई क्यों है खास



